logo

हरियाणा रोडवेज के कंडक्टर के थैले में टिकट की जगह मिला अवैध हथियार, पुलिस ने दबोचा 

 
हरियाणा रोडवेज के कंडक्टर के थैले में टिकट की जगह मिला अवैध हथियार, पुलिस ने दबोचा 

Haryana roadways : हरियाणा रोडवेज की बस में सफर कर रहे यात्रियों के बीच उस समय हलचल मच गई, जब पुलिस ने रास्ते में बस रुकवाकर तलाशी ली। जांच के दौरान बस के कंडक्टर के कब्जे से अवैध हथियार बरामद हुआ।

मामला नारनौल के सिंघाना रोड का है, जहां धनतेरस की रात डायल-112 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज के भिवानी डिपो की बस हिसार से जयपुर के लिए रवाना हुई थी। बस जब नारनौल के सिंघाना रोड पर रेनबो हॉस्पिटल के नजदीक पहुंची तो डायल-112 की टीम ने उसे रुकवा लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि बस में तैनात परिचालक के पास अवैध हथियार है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिसकर्मियों ने बस की तलाशी ली। इस दौरान परिचालक के पास से हथियार बरामद हुआ।

हांसी के गांव मुरादपुर का रहने वाला है परिचालक

पुलिस के मुताबिक, हथियार के साथ पकड़े गए परिचालक की पहचान हांसी क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद सिटी थाना प्रभारी को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने हथियार को अपने कब्जे में लेकर परिचालक को हिरासत में ले लिया। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार कहां से खरीदा गया था और परिचालक उसे अपने साथ लेकर क्यों चल रहा था।

पुलिस कार्रवाई से आधे घंटे तक सड़क पर खड़ी रही बस

अचानक हुई पुलिस कार्रवाई के कारण रोडवेज बस करीब 30 मिनट तक सड़क पर खड़ी रही। बस में सवार यात्रियों को भी इस दौरान इंतजार करना पड़ा। परिचालक को हिरासत में लिए जाने के बाद बस के संचालन में परेशानी आई, जिसके चलते परिवहन विभाग की ओर से दूसरे परिचालक की व्यवस्था की गई। इसके बाद बस को जयपुर के लिए रवाना किया गया।

धनतेरस पर सिंघाना रोड का यातायात भी हुआ प्रभावित

धनतेरस होने के कारण बाजारों में पहले से ही काफी भीड़ थी। ऐसे में सिंघाना रोड पर रोडवेज बस रुकने और पुलिस की कार्रवाई के चलते कुछ समय तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सड़क पर वाहनों की आवाजाही धीमी होने से आसपास से गुजरने वाले लोगों और खरीदारी के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई पूरी होने और बस रवाना होने के बाद यातायात सामान्य हो गया।