logo

पराली जलाने पर प्रशासन का एक्शन, 2 ग्राम सचिव सस्पेंड, 10 किसानों की रेड एंट्री

 
पराली जलाने पर प्रशासन का एक्शन, 2 ग्राम सचिव सस्पेंड, 10 किसानों की रेड एंट्री

Gram sachiv suspended : हरियाणा में फसल अवशेष प्रबंधन में लापरवाही बरतने और पराली जलाने की घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खेतों में पराली जलाने के मामलों में कार्रवाई करते हुए दो ग्राम सचिवों को सस्पेंड किया गया है तो वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ जुर्माना वसूला गया है।

इन किसानों की जमीन का रिकॉर्ड भी 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' पोर्टल पर रेड एंट्री के रूप में दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक जसविन्द्र सिंह ने बताया कि बैन के बावजूद फसल अवशेष जलाए जा रहे हैं। पटवारियों, ग्राम सचिवों की ड्यूटी लगाई गई है कि किसानों को जागरूक किया जाए और फसल अवशेष जलाने से रोका जाए।

इसके बावजूद फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कार्यों में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाने पर प्रशासन ने विभागीय कार्रवाई की है। उपायुक्त के आदेश पर गांव पूजम में तैनात ग्राम सचिव साहिल बिन्दल और गांव ख्वाजा अहमदपुर के ग्राम सचिव परमवीर को सस्पेंड कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पराली प्रबंधन के कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है।

22 मामलों में सामने आई पराली जलाने की घटनाएं

जिले में हरसेक (HARSAC) के माध्यम से अब तक पराली जलाने के 22 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 10 किसानों को पराली जलाने का दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। संबंधित किसानों से नियमों के अनुसार कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।

दो साल तक MSP पर फसल बेचने में आएगी परेशानी

कार्रवाई का असर किसानों के सरकारी खरीद रिकॉर्ड पर भी पड़ेगा। दोषी पाए गए 10 किसानों की जानकारी 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' पोर्टल पर रेड एंट्री के रूप में दर्ज कर दी गई है। इसके चलते ये किसान अगले दो साल तक अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर नहीं बेच सकेंगे।