logo

जींद में पराली जलने पर 3 कर्मचारियों पर कार्रवाई, किसानों पर FIR, 80 हजार रुपये जुर्माना 

 
जींद में पराली जलने पर 3 कर्मचारियों पर कार्रवाई, किसानों पर FIR, 80 हजार रुपये जुर्माना 

हरियाणा भर में धान की कटाई का सीजन जोरों से चल रहा है। इसके साथ ही धान की पराली जलाने के मामले भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने सख्ती करते हुए बड़ी कार्रवाई हुई है। इसके तहत जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने लापरवाही बरतने पर 3 कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। साथ ही किसानों पर एफआईआर दर्ज करते हुए 80 हजार रुपये जुर्माना किया गया है। 

जींद के उप कृषि निदेशक डॉ. सुखदेव कम्बोज ने बताया कि 10 नवंबर 2026 को हरसैक द्वारा जिले में तीन एक्टिव फायर लोकेशन रिपोर्ट की गई हैं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित गांवों में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने तथा समय रहते प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने में लापरवाही के चलते जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इनमें पूनम, एटीएम , गांव छात्तर शुभम, कृषि पर्यवेक्षक गांव ढिगाना तथा अनीश, बीटीएम गांव मलार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिला में फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) को लेकर कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

हरसैक द्वारा जिले में अब तक रिपोर्ट की गई, 24 एक्टिव फायर लोकेशन (एएफएल) में से विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा मौके पर किए गए भौतिक सत्यापन के दौरान 13 स्थानों पर पराली एवं फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि पराली जलाने की पुष्टि होने पर संबंधित उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार पुलिस कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

इसके साथ ही संबंधित किसानों पर 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर उनकी रेड एंट्री भी दर्ज करवाई गई है। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर रेड एंट्री दर्ज होने के बाद संबंधित किसान आगामी दो वर्षों तक सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपनी फसल नहीं बेच सकेंगे। इसके अतिरिक्त ऐसे किसान कृषि विभाग की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं एवं कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के लाभ से भी वंचित रहेंगे।

इन किसानों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुखदेव कम्बोज ने बताया कि प्रदीप पुत्र हवा सिंह, गांव दानौदा खुर्द, खंड नरवाना, सुरेंद्र पुत्र मान सिंह, गांव खेड़ी मसानिया, खंड उचाना, जोगिंदर पुत्र बलवान, गांव छात्तर, खंड उचाना, विजेंद्र पुत्र नफे सिंह, गांव जामनी, खंड पिल्लूखेड़ा, बसाऊ पुत्र जोधा राम, गांव जुलेहड़ा, खंड नरवाना, जयप्रकाश पुत्र जग्गा राम, गांव कालवन, खंड नरवाना के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 

वहीं सुमित पुत्र महावीर, गांव कालवन, खंड नरवाना, महावीर पुत्र महेंद्र, गांव नेपेवाला, खंड नरवाना, नरेश पुत्र छज्जु राम, गांव सेड़ा माजरा, खंड उचाना, सूरजभान पुत्र सत्यनारायण, गांव चक उझाना, खंड नरवाना, संदीप पुत्र राधेश्याम, गांव चक उझाना, खंड नरवाना, शमशेर पुत्र ओमप्रकाश, गांव चक उझाना, खंड नरवाना, सुखबीर पुत्र सतपाल, गांव छात्तर, खंड उचाना,दीपक कुमार पुत्र नफे सिंह, गांव ढिगाना, खंड जुलाना तथा राजकुमार पुत्र रामफल, गांव मलार, खंड सफीदों पर फसल अवशेष जलाने पर कार्यवाही अमल में लाई गई।

किसानों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील
उप कृषि निदेशक डॉ. सुखदेव कम्बोज ने जिला के सभी किसानों से अपील की है कि वे पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने के लिए फसल अवशेषों एवं पराली में आग न लगाएं। पराली जलाने से जहां वातावरण प्रदूषित होता है, वहीं भूमि की उर्वरा शक्ति एवं मित्र कीटों को भी नुकसान पहुंचता है।

उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को पराली प्रबंधन के लिए इन-सीटू एवं एक्स-सीटू तकनीकों पर आधारित कृषि यंत्रों की खरीद के लिए पर्याप्त सरकारी सब्सिडी उपलब्ध करवाई जा रही है। किसान इन योजनाओं का लाभ उठाकर पराली का उचित प्रबंधन कर सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल अवशेष जलाने के मामलों पर विभाग एवं जिला प्रशासन की निगरानी लगातार जारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।