स्मॉग बना जानलेवा : नेशनल हाईवे 152-डी पर एक-दूसरे के पीछे टकराई 7 गाड़ियां
NH 152 D Accident : नेशनल हाईवे एक्सप्रेसवे 152-डी पर अमरावली गांव के पास स्माग की वजह से सात वाहन आपस में टकरा गए। इनमें एक हैरियर गाड़ी में आग लग गई। इस सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालांकि किसी को ज्यादा चोट नहीं आई।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार सुबह बाकी दिनों की तुलना में ज्यादा स्माग था और दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी। सुबह साढ़े छह बजे के आसपास एक आई-10 ग्रैंड कार अंबाला की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही हैरियर गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हैरियर को पीछे से आ रही पांच अन्य गाड़ियों ने भी टक्कर मार दी।
लगातार हुई टक्करों के बाद हैरियर गाड़ी में आग लग गई। आग लगने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर डायल 112 की टीम व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घायल लोगों को एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग बुझाई गई।
दुर्घटना में घायल हुए लोगों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पिल्लूखेड़ा थाना के एएसआइ सुखदेव सिंह ने बताया कि जिस गाड़ी में आग लगी वह जींद के बरसोला गांव निवासी अजीत की थी। अजीत को इसमें मामूली चोट आई है। वह आग लगने से पहले ही गाड़ी से नीचे उतर गया था। वह नारनौल की तरफ जा रहा था।
वहीं मोहाली निवासी संतोष अपने परिवार के साथ खाटू श्याम के दर्शन करके वापस लौट रहा था। इसमें केवल संतोष काे मामूली चोट आई हैं, जबकि उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। वहीं महेंद्रगढ़ जिले के लहरौदा गांव निवासी बलवंत अपने पोते व बेटे के साथ नारनौल जा रहा था। इसमें बलवंत, उसके बेटे व पोते को भी मामूली चोट आई हैं। सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
