शादी के 6 साल बाद सपना चौधरी लेंगी तलाक? खुद किया खुलासा, दूसरी शादी पर कही ये बात
Sapna Choudhary divorce : हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित डांसर और एक्ट्रेस सपना चौधरी अपनी निजी जिंदगी को लेकर फिर से सुर्खियों में हैं। पति वीर साहू के साथ उनके रिश्ते में आई दरार अब तलाक तक पहुंच गई है। सपना चौधरी ने खुद एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया है कि उन्होंने तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी है। साथ ही उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी, बच्चों और भविष्य में दोबारा घर बसाने को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी है।
एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में सपना चौधरी ने बताया कि उन्होंने और वीर साहू ने अलग होने का फैसला लिया है। जब दोनों के बीच सब कुछ ठीक था, तब वे साथ थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। यह उनके आपसी रिश्ते का मामला है और इस बारे में किसी तीसरे व्यक्ति को टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
सपना ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर होने वाली चर्चाओं पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि लोग उनके बच्चों को लेकर तरह-तरह की बातें करते हैं, लेकिन बच्चों की परवरिश कैसे करनी है, यह उन्हें अच्छी तरह पता है।
इंटरव्यू में एक सवाल के दौरान सपना चौधरी ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि बिग बॉस से बाहर आने के बाद उनकी शादी हो गई थी। उस समय उनका करियर काफी अच्छा चल रहा था। उन्होंने पत्नी, मां और बहू की जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन इस दौरान उन्हें महसूस हुआ कि उनकी अपनी पहचान और व्यक्तिगत विकास भी जरूरी है।
सपना के मुताबिक, उस दौर में उन्हें खुद को निखारने और करियर पर ध्यान देने की जरूरत थी, लेकिन वे पारिवारिक रिश्तों में उलझकर रह गईं। अब वे अपनी जिंदगी और काम को लेकर नए सिरे से सोच रही हैं।
क्या दोबारा शादी करेंगी सपना चौधरी?
दोबारा शादी करने के सवाल पर भी सपना चौधरी ने बेबाक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वे जल्दी किसी के प्यार में पड़ने वाली इंसान नहीं हैं। उनके लिए प्यार बेहद गहरा भावनात्मक रिश्ता है। अगर भविष्य में उन्हें कोई ऐसा व्यक्ति मिलता है, जिसके साथ वे वैसा जुड़ाव महसूस करें, तो इस बारे में सोच सकती हैं। हालांकि फिलहाल उनका दोबारा शादी करने का कोई इरादा नहीं है।
गौरतलब है कि सपना चौधरी और वीर साहू की शादी साल 2020 में हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। अब सपना के इस खुलासे के बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पिछले कुछ सालों से दोनों के बीच सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। पिछले दिनों सपना चौधरी में दिल्ली कोर्ट में वीर साहू के खिलाफ हैरेसमेंट की शिकायत भी दी थी और मामला काफी उछला था।
