हरियाणा में 2 रेलमार्गों पर बढ़ेगी ट्रेनों की स्पीड, 110 की स्पीड से दौड़ेंगी ट्रेनें
Railway news : हरियाणा के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के दो महत्वपूर्ण रेलमार्गों पर जल्द ही ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने वाली है। रेलवे द्वारा इन रेल मार्गों पर स्पीड लिमिट 75 किलोमीटर प्रति घंट से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया है।
जींद-सोनीपत रेलवे मार्ग और रोहतक-पानीपत रेल मार्ग पर अब ट्रेनें 110 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ती नजर आएंगी। रेलवे की ओर से सोनीपत से पांडु पिंडारा तक रेलखंड की गति सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी गई है। दिल्ली मंडल ने इसके लिए 20 जुलाई को प्रस्ताव भेजा था।
उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य अभियंता अजय शर्मा ने प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह अनुमति सोनीपत और पांडु पिंडारा रेलवे स्टेशन को छोड़कर बीच के विद्युतीकृत सिंगल लाइन रेलखंड के लिए दी गई है। पांडु पिंडारा जींद के पास स्थित है, इसलिए इस फैसले का लाभ जींद रेलमार्ग पर भी मिलेगा।
ट्रैक से लेकर बिजली व्यवस्था तक की जांच के बाद मिली मंजूरी
ट्रेनों की अधिकतम गति बढ़ाने के लिए रेलवे को ट्रैक, पुल, ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर (ओएचई) और सिग्नल सिस्टम की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होती है। रेलवे ने भी गति बढ़ाने के साथ इन सभी व्यवस्थाओं से जुड़े सुरक्षा प्रमाणपत्रों की शर्तों का पालन अनिवार्य किया है। इसके अलावा जहां स्थायी गति प्रतिबंध लागू हैं, उन्हें ट्रेन की समय-सारिणी में शामिल करने और संबंधित स्थानों पर संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
रोहतक-पानीपत रेललाइन पर सिग्नल सिस्टम को फिटनेस प्रमाणपत्र
रोहतक-पानीपत रेलखंड पर भी ट्रेनों को 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की तैयारी की गई है। इस रेललाइन पर सिग्नल व्यवस्था को फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किया गया है। प्रमाणपत्र में रोहतक, गोहाना, मुंडलाना, नौल्था और पानीपत स्टेशन यार्ड का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है।
हालांकि, कुछ हिस्सों में अभी निर्धारित शर्तें पूरी होने तक 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा लागू रहेगी। होम सिग्नल से एडवांस स्टार्टर तक के हिस्से में भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियरिंग मैनुअल के नियमों का पूरी तरह पालन होने के बाद ही गति बढ़ाई जा सकेगी।
दिल्ली मंडल के डीआरएम पुष्पेंद्र रमन त्रिपाठी ने बताया कि सोनीपत-जींद रेलखंड की गति सीमा बढ़ाने की स्वीकृति दी गई है। वहीं, रोहतक-पानीपत रेलखंड पर भी 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के लिए सिग्नल सिस्टम का फिटनेस प्रमाणपत्र जारी हो चुका है।
दिल्ली मंडल के प्रवक्ता अजय माइकल के अनुसार, दोनों रेलखंडों पर जल्द ही 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेनें दौड़नी शुरू हो जाएंगी। इस फैसले से न केवल मौजूदा रेल सेवाओं को गति मिलेगी, बल्कि जींद-सोनीपत रेललाइन पर प्रस्तावित हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन के लिहाज से भी यह महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित हाइड्रोजन ट्रेन भी 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी।
