यमुनानगर में नहाते समय नहर में डूबे तीन युवक, एक का मिला शव
वायस ऑफ पानीपत (देवेंद्र शर्मा):- दादूपुर हेड पर नहाते समय चार युवक नहर में डूबने लगे। इनमें से एक युवक किसी तरह से बाहर निकल आया। जबकि तीन युवक डूब गए। स्वजनों को पता लगा, तो वह गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पर एक युवक को निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। दो युवकों का अभी तक कोई पता नहीं लग सका। गर्मी से राहत पाने के लिए युवक नहर में डुबकी लगाने गए थे। राहत की यह डुबकी मौत की डुबकी बन गई।
बताया जा रहा है कि जयधर निवासी 18 वर्षीय सिम्मी नसीन, 22 वर्षीय मुस्तकीम, 28 वर्षीय साजिद और 15 वर्षीय आमिर खान दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे नहर में नहाने के लिए गए थे। चारों एक साथ नहर में नहाने लगे। इस दौरान वह गहराई की ओर चले गए। जिसमें वह डूबने लगे। इस दौरान आमिर खान किसी तरह से तैरकर बाहर निकल आया और अपने स्वजनों को इस बारे में सूचना दी। जिस पर गांव से उनके स्वजन पहुंचे और गोताखोरों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी देर बाद साजिद को निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
गोताखोरों ने 19 वर्षीय सिम्मी नसीन व मुस्तकीम की भी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लगा। छछरौली थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश जारी थी। गांव जयधर निवासी संदीप ने बताया कि जब युवकों के डूबने का पता लगा, तो पुलिस को सूचित किया गया था। फिलहाल यमुना नहर में पानी भी काफी अधिक है। इसलिए पानी कम कराने की मांग की गई है। मृतक साजिद शादीशुदा है। उसका तलाक हो चुका है। वही मुस्तकीम की करीब दो साल पहले शादी हुई है। उसके पास छह माह की बेटी है। छछरौली थाना प्रभारी लज्जा राम ने बताया कि युवकों की तलाश की जा रही है। एक युवक का शव निकाल लिया गया।
डीसी गिरिश अरोड़ा का कहना है कि नहर में नहाने पर प्रतिबंध है। चेतावनी बोर्ड भी लगवाए गए है। उसके बाद भी लोग नहर में नहाने जाते हैं। कई दफा जिलेवासियों से भी नहर में बच्चों को जाने से रोकने की अपील कर चुके हैं। उसके बाद भी लोग गंभीर नहीं है। तीन बच्चों के डूबने का मामला दुखद है। नहर पर अब पुलिस की गस्त बढ़ाई जाएंगी।
TEAM VOICE OF PANIPAT
