हरियाणा में नई रेल लाइन का रास्ता साफ! 130 KM के रूट का सर्वे पूरा, 4 जिलों से गुजरेगी
Haryana new rail line : दक्षिण हरियाणा के लोगों के लिए रेल कनेक्टिविटी को लेकर अच्छी खबर है। फरुखनगर से लोहारू तक प्रस्तावित नई रेल लाइन परियोजना का फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) पूरा हो चुका है। करीब 130 किलोमीटर लंबा यह रेल कॉरिडोर गुरुग्राम, झज्जर, चरखी दादरी और भिवानी जिलों को आपस में जोड़ेगा। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल यातायात की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस रेल परियोजना को साउथ हरियाणा इकोनॉमिक रेल कॉरिडोर के नाम से प्रस्तावित किया गया है। पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर लगातार पत्र लिखे और परियोजना से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। किरण चौधरी ने 11 अगस्त 2025 को रेल मंत्री को पत्र लिखकर झज्जर-लोहारू नई रेल लाइन की व्यवहार्यता रिपोर्ट जल्द तैयार करवाने का अनुरोध किया था।
चरखी दादरी जिले में बनेंगे तीन नए रेलवे स्टेशन
प्रस्तावित रेल परियोजना के तहत चरखी दादरी जिले के किम्सिला, तिबरवाला और निहालगढ़ गांवों में तीन नए रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है। इन स्थानों पर रेलवे की टीमों की ओर से सर्वे और निशानदेही का काम पूरा किया जा चुका है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को रेल यात्रा की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
चार जिलों से होकर गुजरेगा रेल कॉरिडोर
करीब 130 किलोमीटर लंबा यह रेल मार्ग गुरुग्राम से शुरू होकर झज्जर, चरखी दादरी और भिवानी जिलों को जोड़ेगा। प्रस्तावित रूट फरुखनगर, झज्जर, चरखी दादरी, निहालगढ़ और नांद होते हुए लोहारू जंक्शन तक जाएगा। इससे दक्षिण हरियाणा के कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
किसानों और व्यापारियों को भी मिलेगा फायदा
इस परियोजना का निर्माण होने से किसानों को अपनी फसल बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। व्यापारियों को माल ढुलाई के बेहतर विकल्प मिलेंगे। इसके अलावा गुरुग्राम और दिल्ली सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक यात्रियों का आवागमन आसान हो सकेगा।
फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा होने के बाद अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR), अनुमानित लागत और आर्थिक व्यवहार्यता से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। रेल कॉरिडोर दक्षिण हरियाणा को राजस्थान और गुजरात के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
