हरियाणा से खाटू श्याम के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू, कुरुक्षेत्र-फुलेरा ट्रेन टाइम, स्टेशनों पर ठहराव लिस्ट
Kurukshetra-Phulera Train time : खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे की ओर से कुरुक्षेत्र से राजस्थान के फुलेरा तक चार दिन के लिए विशेष ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस ट्रेन के जुलाना रेलवे स्टेशन पर ठहराव से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को खाटू श्याम जाने के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की मांग थी कि खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जुलाना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव किया जाए। अब रेलवे की ओर से इस दिशा में कदम उठाया गया है।रेलवे द्वारा निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ट्रेन कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से रात 11 बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी।
यह ट्रेन रात 1 बजकर 40 मिनट पर जुलाना रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 1 बजकर 42 मिनट पर फुलेरा के लिए रवाना हो जाएगी। ट्रेन सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर फुलेरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसके बाद वापसी में फुलेरा से सुबह 9 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी।
वापसी के दौरान जुलाना रेलवे स्टेशन पर दोपहर 3 बजकर 57 मिनट पर पहुंचेगी।इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 12 साधारण श्रेणी के डिब्बे और दो गार्ड डिब्बे लगाए गए हैं। इस प्रकार ट्रेन में कुल 14 डिब्बे होंगे। चार दिन तक चलने वाली इस ट्रेन से जुलाना और आसपास के गांवों के श्रद्धालु सीधे रेल मार्ग से राजस्थान की ओर यात्रा कर सकेंगे।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि खाटू श्याम धाम में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए जाते हैं। अभी तक श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए दूसरे रेलवे स्टेशनों या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। जुलाना रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव होने से यात्रियों का समय और परेशानी दोनों कम होंगे। स्टेशन मास्टर चंद्रप्रकाश ने बताया कि ट्रेन के संचालन और ठहराव को लेकर निर्धारित समय सारिणी के अनुसार व्यवस्था की गई है।
