हरियाणा के इस जिले में रविवार को भी खुलेंगे स्कूल, बुलाए शिक्षक व स्टाफ
Sunday School open : शिक्षा विभाग के कामकाज में तेजी लाने के लिए कुरुक्षेत्र जिले के पेहवा और शाहाबाद ब्लॉक के सभी स्कूल रविवार को भी खुले रहेंगे। जिला परियोजना संयोजक, समग्र शिक्षा कुरुक्षेत्र की ओर से 28 नवंबर को जारी आदेश में दोनों ब्लॉक के सभी सीआरसी (क्लस्टर रिसोर्स सेंटर) के अंतर्गत आने वाले स्कूलों को 29 नवंबर को खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान स्कूलों में ग्रांट और उनके खर्च से संबंधित लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करना होगा। जारी पत्र के अनुसार, 28 नवंबर को माननीय अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में सभी बीआरसी और सीआरसी प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में समग्र शिक्षा के तहत मिलने वाली ग्रांट और उनके खर्च की समीक्षा की गई। इस दौरान पेहवा और शाहाबाद ब्लॉक में काम की प्रगति कम मिलने पर अतिरिक्त उपायुक्त ने असंतोष जताया।
समीक्षा बैठक में काम में तेजी लाने के लिए दोनों ब्लॉक के सभी सीआरसी और उनके अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों को अगले दिन यानी रविवार को खोलने के निर्देश दिए गए। स्कूलों में ग्रांट से जुड़े कार्यों और खर्च का रिकॉर्ड तैयार करने सहित संबंधित लंबित काम जल्द पूरा करने को कहा गया है।
जिला परियोजना संयोजक की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी और स्कूल प्रमुख निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। इस काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

