इलेक्ट्रिक बसों से हटेंगे रोडवेज कंडक्टर, HKRN के कर्मचारी संभालेंगे कमान
Rewari news : हरियाणा रोडवेज के रेवाड़ी डिपो की इलेक्ट्रिक बसों में जल्द ही परिचालकों की जिम्मेदारी बदलने जा रही है। अब इन बसों में हरियाणा रोडवेज के बजाय हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के कर्मचारी यात्रियों को टिकट देंगे। इसके लिए पांच कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है और उन्हें कामकाज की ट्रेनिंग दी जा रही है। विभाग की योजना है कि अगले सप्ताह से ये कर्मचारी बसों में ड्यूटी शुरू कर दें।
फिलहाल रेवाड़ी डिपो की पांच इलेक्ट्रिक बसें बावल रूट पर चल रही हैं। अभी इन सभी बसों में रोडवेज के कंडक्टर तैनात हैं। HKRN कर्मचारियों के ड्यूटी संभालने के बाद रोडवेज के पांच परिचालक वापस डिपो में आ जाएंगे। इससे विभाग को दूसरे रूटों पर बसें चलाने के लिए अतिरिक्त स्टाफ मिल सकेगा।
दूसरे रूटों पर बढ़ सकते हैं बसों के फेरे
रोडवेज में परिचालकों की कमी के कारण कई बार दूसरे रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाने में परेशानी आती है। अब इलेक्ट्रिक बसों से पांच कंडक्टरों के वापस आने पर इस कमी को कुछ हद तक दूर किया जा सकेगा। जरूरत के हिसाब से इन कर्मचारियों को दूसरे रूटों पर लगाया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवा बेहतर होने और यात्रियों को बसों के लिए कम इंतजार करना पड़ सकता है।
इलेक्ट्रिक बसों में छात्र पास लागू होने का इंतजार
दूसरी तरफ रेवाड़ी में इलेक्ट्रिक बसों में विद्यार्थियों को छात्र पास की सुविधा मिलने का मामला अभी लंबित है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 28 मई 2026 को पानीपत में घोषणा की थी कि इलेक्ट्रिक बसों में भी विद्यार्थियों को हरियाणा रोडवेज के छात्र पास पर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इस फैसले के बाद हरियाणा सिटी बस सर्विसेज लिमिटेड की ओर से रेवाड़ी समेत प्रदेश के 10 शहरों के संबंधित अधिकारियों को पत्र भी भेजे गए थे। इसके बावजूद रेवाड़ी में अभी तक यह सुविधा शुरू नहीं हुई है। बावल रूट पर करीब 50 गांवों के विद्यार्थी रोजाना इन बसों से स्कूल और कॉलेज आते-जाते हैं। छात्र पास होने के बावजूद उन्हें बस में 10 से 20 रुपये तक किराया देना पड़ रहा है।
अगले सप्ताह से शुरू होगी नई व्यवस्था
रोडवेज विभाग के डीआई जसवंस सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के लिए HKRN के तहत पांच कर्मचारी रखे गए हैं। फिलहाल उन्हें काम की जानकारी और जरूरी ट्रेनिंग दी जा रही है। अगले सप्ताह तक ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें बसों में तैनात कर दिया जाएगा। इसके बाद इलेक्ट्रिक बसों में ड्यूटी दे रहे रोडवेज के परिचालकों को दूसरे रूटों पर लगाया जाएगा।
