logo

NHAI शुरू कर रहा नया सिस्टम, टोल पार करते ही आएगा अलर्ट, खुलेगी वाहन की पोल

 
NHAI शुरू कर रहा नया सिस्टम, टोल पार करते ही आएगा अलर्ट, खुलेगी वाहन की पोल

NHAI new System : वाहन लेकर नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की गई है। अब टोल प्लाजा से गुजरने के दौरान वाहन के इंश्योरेंस की वैधता भी जांची जा सकेगी। यदि किसी गाड़ी का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस समाप्त हो चुका है, तो वाहन मालिक को मोबाइल पर अलर्ट भेजने की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य वाहन चालकों को समय रहते बीमा रिन्यू कराने के प्रति जागरूक करना और बिना वैध बीमा चलने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ाना है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) स्थित मुंडका टोल प्लाजा पर इस तकनीक का परीक्षण शुरू किया है। फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चलाया जा रहा है। शुरुआती परीक्षण के परिणामों के आधार पर इसे दूसरे टोल प्लाजा पर लागू करने की योजना बनाई जा सकती है।

टोल पर गाड़ी की पहचान होते ही जांचा जाएगा इंश्योरेंस
इस नई व्यवस्था में टोल प्लाजा पर वाहन की पहचान होने के बाद उसका डेटा वाहन (VAHAN) पोर्टल से मिलान किया जाएगा। इसके लिए टोल सिस्टम और वाहन डेटाबेस के बीच तकनीकी तालमेल बनाया जा रहा है। गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर सामने आते ही सिस्टम उसके बीमा की स्थिति पता कर सकेगा।

अगर वाहन का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस एक्सपायर हो चुका है, तो संबंधित वाहन मालिक के मोबाइल पर मैसेज भेजा जाएगा। इस SMS में वाहन का नंबर, टोल पार करने का समय और बीमा की वैधता से जुड़ी जानकारी दी जा सकती है। साथ ही वाहन मालिक को जल्द बीमा कराने के लिए अलर्ट किया जाएगा।

बिना बीमा गाड़ी चलाने पर हो सकता है भारी जुर्माना

मोटर वाहन कानून के तहत सड़क पर वाहन चलाने के लिए वैध थर्ड पार्टी इंश्योरेंस होना जरूरी है। इसके अभाव में वाहन चालक पर कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जा सकता है। बिना वैध बीमा वाहन चलाने पर पहली बार पकड़े जाने की स्थिति में 5,000 रुपये तक का जुर्माना या संबंधित नियमों के तहत निर्धारित दंड लगाया जा सकता है। वहीं दोबारा उल्लंघन करने पर जुर्माना 10,000 रुपये तक पहुंच सकता है। इसके अलावा अन्य कानूनी कार्रवाई भी संभव है।

सफल रहा ट्रायल तो दूसरे हाईवे पर भी लागू होगी व्यवस्था

अभी दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर इस तकनीक की जांच की जा रही है। इस दौरान सिस्टम की कार्यक्षमता, वाहन के डेटा की पहचान और मोबाइल पर अलर्ट भेजने की प्रक्रिया को परखा जाएगा। यदि पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो भविष्य में देश के अन्य नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर भी इस तरह की व्यवस्था शुरू की जा सकती है।