हरियाणा में फिर बढ़ेंगे दूध के रेट, पशुपालक हुए लामबंद, इस दिन आंदोलन का ऐलान
Haryana Milk rate hike : हरियाणा में एक बार फिर से दूध के रेट बढ़ने की आहट होने लगी है। पशुपालकों ने दूध के रेट नहीं बढ़ाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। दूध के मौजूदा 10 रुपए के रेट बढ़ने से किसान सहमत नहीं हैं और उनकी मांग है कि कम से कम 10 रुपए और दूध का रेट बढ़ना चाहिए।
इसे लेकर 11 नवंबर को सिरसा के वीटा मिल्क प्लांट में किसान, पशुपालक, दूधिए और डेयरी संचालकों की बैठक होगी। इसमें दूध बढ़ाने की मांग पर चर्चा के साथ-साथ आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
गाय का 80 रुपए और भैंस का 100 रुपए रेट करने की मांग
पशुपालकों की प्रमुख मांग गाय के दूध का भाव 80 रुपए और भैंस के दूध का भाव 100 रुपए प्रति किलो निर्धारित करने की है। इसके अलावा दूध के फैट के आधार पर भुगतान की दरों में भी बदलाव की मांग उठाई जा रही है। पशुपालकों ने भैंस के दूध का फैट रेट 13 रुपए और गाय के दूध का फैट रेट 16 रुपए करने की मांग रखी है।
किसान नेताओं जसवीर भाटी और हंसराज पाचार का कहना है कि राजस्थान में भी दूध के दामों में 10-10 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। ऐसे में हरियाणा में भी पशुपालकों को दूध की गुणवत्ता और फैट के हिसाब से उचित भुगतान मिलना चाहिए।
चारे की कीमतों ने बढ़ाया पशुपालन का खर्च
पशुपालकों के मुताबिक पिछले 5 से 6 वर्षों में पशुओं के चारे और खुराक की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। पहले जिस तूड़ी का भाव करीब 400 रुपए प्रति क्विंटल था, वह अब 900 से 1100 रुपए तक पहुंच गया है। इसी तरह खल-बिनौला का बैग पहले 1200 से 1500 रुपए में मिलता था, जिसकी कीमत अब बढ़कर 2400 से 2700 रुपए हो गई है।
बिनौला के भाव भी करीब 3000 रुपए तक पहुंच चुके हैं। पशुपालकों का तर्क है कि जब पशुओं के रखरखाव, चारे और खुराक पर खर्च कई गुना बढ़ गया है तो दूध की बिक्री का मूल्य भी उसी हिसाब से बढ़ना चाहिए।
पिछले महीने तीन दिन चला था दूध बंद आंदोलन
दूध के रेट बढ़ाने की मांग को लेकर इससे पहले 1 से 3 अक्टूबर तक तीन दिवसीय दूध बंद आंदोलन किया गया था। आंदोलन के बाद दूध के दामों में 10 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया था।
इसके लिए एक कमेटी भी गठित की गई थी। हालांकि, पशुपालकों का कहना है कि यह बढ़ोतरी उनकी लागत और जरूरतों के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। उनका आरोप है कि फैट के आधार पर बढ़ाए गए रेट का पूरा लाभ भी उन्हें नहीं मिल पाया।
