logo

किसानों के लिए मौका, फ्री में ड्रोन उड़ाना सीखें, ट्रेनिंग करते ही खाते में आएंगे 7000 रुपए

 
किसानों के लिए मौका, फ्री में ड्रोन उड़ाना सीखें, ट्रेनिंग करते ही खाते में आएंगे 7000 रुपए

Farmer Drone Training : खेती-किसानी में आ रही आधुनिक क्रांति के बीच अब किसानों के लिए सुनहरा मौका आया है। कृषि कार्यों में मजदूरों की किल्लत और बढ़ते खर्च से राहत दिलाने के उद्देश्य से "विकसित भारत-अन्नदाता स्मार्ट फार्मिंग अभियान 2047 (1.0)" के तहत 100 किसानों को ड्रोन पायलट की निशुल्क ट्रेनिंग दी जाएगी। 7 दिन की ट्रेनिंग करने के बाद किसानों को 7-7 हजार रुपए भी मिलेंगे। 

दरअसल यह विशेष पहल सामाजिक संस्था राह ग्रुप और निर्भय एक पुकार ट्रस्ट द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है। हिसार जिले के भोजराज गांव में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर के लिए ड्रोन संचालन की प्रशासनिक अनुमति भी मिल चुकी है।

ग्रुप के डायरेक्टर नरेश सेलपाड़ के अनुसार, खेती में आधुनिक तकनीक अपनाना समय की बड़ी मांग है। पारंपरिक तरीकों से खेतों में खाद और कीटनाशक का छिड़काव करने में जहां अधिक समय और खर्च लगता है, वहीं एक प्रशिक्षित ड्रोन पायलट महज एक दिन में 30 एकड़ जमीन पर आसानी से स्प्रे कर सकता है।

इससे किसानों के समय और श्रम की भारी बचत होगी, साथ ही वे अन्य खेतों में सेवाएं देकर अतिरिक्त आमदनी भी अर्जित कर सकेंगे।

पूरे प्रदेश से आ रहे हैं आवेदन 
ड्रोन पायलट बनने को लेकर हरियाणा भर के किसानों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हिसार के अलावा रोहतक, झज्जर और अन्य जिलों से भी किसान इसमें रुचि दिखा रहे हैं। अब तक विभिन्न जिलों से लगभग 80 किसान अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। शेष सीटों के लिए इच्छुक किसान 20 नवंबर शाम 5 बजे तक अपना नामांकन करवा सकते हैं।

दिल्ली के विशेषज्ञ सिखाएंगे ड्रोन उड़ाने की बारीकियां

इस महत्वाकांक्षी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन नवंबर के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा, जिसकी कुल अवधि 6 से 7 दिन की होगी। किसानों को तकनीकी रूप से पूरी तरह दक्ष बनाने के लिए रोजाना 6 घंटे के व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।

प्रशिक्षण देने के लिए दिल्ली से तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विशेष रूप हिसार पहुंचेगी। ये विशेषज्ञ किसानों को ड्रोन संचालन, नेविगेशन, सुरक्षा मानकों और कृषि रसायनों के सटीक छिड़काव का व्यावहारिक ज्ञान देंगे।

6 से 7 हजार की प्रोत्साहन राशि मिलेगी 
इस योजना की सबसे बड़ी खूबी यह है कि प्रशिक्षण लेने वाले किसानों को केवल तकनीक ही नहीं सिखाई जाएगी, बल्कि उन्हें आर्थिक संबल भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रत्येक किसान को 6,000 से 7,000 रुपये तक की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह राशि इसलिए तय की गई है ताकि प्रशिक्षण के दौरान किसानों को आने-जाने या पूरे दिन केंद्र पर रुकने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आवेदन के लिए पात्रता

  • आवेदक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। 
  • न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं (हाई स्कूल) पास अनिवार्य है। 
  • आवेदक को स्मार्टफोन चलाने का बुनियादी ज्ञान होना आवश्यक है। 
  • चयन के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र होना जरूरी है।
  • आवश्यक दस्तावेज : आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, ई- अन्नदाता कार्ड, जियो टैग की गई फोटो, 10वीं की अंकतालिका, आयु प्रमाण पत्र, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, चालू मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी ।