logo

खालिस्तान समर्थक संगठन के नाम पर फिर धमकी, हरियाणा में हाई अलर्ट !

 

वॉयस ऑफ पानीपत (आयुषी त्यागी) – हरियाणा में खालिस्तानी समर्थक संगठनों द्वारा कोर्ट, सरकारी दफ्तरों और स्कूलों को धमकी भरे फर्जी ई-मेल मिलने का सिलसिला चलता रहता है । पिछले काफी समय से अलग-अलग जिलों में खालिस्तान समर्थक संगठनों के नाम पर इस तरह के ई-मेल भेजे जाते रहे हैं। हर बार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच करती हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में जांच के दौरान ये धमकियां फर्जी साबित हुई हैं। इसके बावजूद सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन हर बार कोई भी जोखिम लेने से बचता है और तुरंत कदम उठाता है।

इस बार भी शुक्रवार सुबह हरियाणा के कई कोर्ट, गुरुग्राम DC ऑफिस , दिल्ली संसद , हरियाणा कोर्ट और गुरुग्राम के कई स्कूलों को धमकी भरा ई-मेल मिला। मेल मिलने के बाद पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। गुरुग्राम जिला कोर्ट परिसर और लघु सचिवालय को खाली कराया गया, कोर्ट की कार्यवाही कुछ समय के लिए रोकी गई और डॉग स्क्वॉड व बम निरोधक टीम ने पूरे परिसर की जांच की। हिसार और फतेहाबाद सहित अन्य जिलों में भी कोर्ट परिसरों की तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। ई-मेल में कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम का इस्तेमाल करते हुए कहा गया कि कॉन्करेच जनता पार्टी (CJP) के छात्रों पर दर्ज FIR वापस नहीं ली गई तो 5 अगस्त तक धमाके किए जाएंगे। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस इसे संदिग्ध और संभवतः होक्स मेल मानकर साइबर माध्यम से इसकी जांच कर रही है।

खालिस्तान समर्थक संगठन के नाम पर फिर धमकी, हरियाणा में हाई अलर्ट !

सूचना मिलने के बाद तैनात पुलिस प्रशासन

फिलहाल किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षा व्यवस्था फिलहाल कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।

TEAM VOICE OF PANIPAT