देश भर में चमका करनाल का नाम, रचा इतिहास, दूसरी बार मिलेगा राष्ट्रपति पुरस्कार
Karnal : हरियाणा के करनाल का नाम देश भर में चमका है। शहर की बेहतर सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में शानदार प्रदर्शन के चलते करनाल नगर निगम को लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
आज यानि बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नगर निगम को यह सम्मान प्रदान करेंगी। लगातार दो बार राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने वाला यह प्रदेश का पहला नगर निगम बन गया है। खास बात यह है कि शहर ने स्वच्छता के मामले में पिछले साल के प्रदर्शन को भी आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।
करनाल नगर निगम की यह उपलब्धि अचानक नहीं मिली है। इससे पहले हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में भी शहर ने शानदार प्रदर्शन किया था। 50 हजार से तीन लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में करनाल को देशभर में तीसरा स्थान मिला था।
इसके अलावा शहर को गारबेज फ्री सिटी श्रेणी में तीन स्टार रेटिंग और वाटर प्लस का दर्जा भी प्राप्त हुआ था। इन उपलब्धियों ने करनाल की स्वच्छता व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
सफाई व्यवस्था में सुधार और जनभागीदारी बनी ताकत
शहर में सफाई के इंतजामों को बेहतर बनाने, कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता अभियान में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर लगातार काम किया गया है। नगर निगम की व्यवस्थाओं के साथ नागरिकों के सहयोग को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।
लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार मिलना नगर निगम के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन आने वाले समय में इस स्तर को बनाए रखना भी कम चुनौतीपूर्ण नहीं होगा। इसके लिए केवल सर्वेक्षण के दौरान सफाई पर ध्यान देने के बजाय पूरे साल स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत रखना होगा।
शहर के प्रत्येक वार्ड में नियमित सफाई, कचरे का सही प्रबंधन और लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी होगा। करनाल की यह उपलब्धि दूसरे शहरों के लिए भी एक उदाहरण बन सकती है कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ आम नागरिकों का सहयोग मिले तो स्वच्छता के क्षेत्र में बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
