हरियाणा में 22 रोडवेज डिपो को 500 बसें अलॉट, जींद को 20, सिरसा को 32, देखें पूरी लिस्ट
Haryana Roadways new buses List : हरियाणा रोडवेज के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के परिवहन बेड़े में 500 नई साधारण नॉन एसी डीजल बसें शामिल होने जा रही हैं।
इन बसों को प्रदेश के अलग-अलग रोडवेज डिपो में भेजने के लिए परिवहन विभाग ने डिपोवार आवंटन को अंतिम रूप दे दिया है।
इस संबंध में हरियाणा परिवहन निदेशालय की ओर से 19 नवंबर 2026 को अशोक लेलैंड कंपनी को पत्र जारी कर बसों की निर्धारित डिपो पर समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग की ओर से जारी आवंटन सूची के अनुसार जींद रोडवेज डिपो को 20 नई बसें मिलेंगी।
इससे डिपो के बस बेड़े में बढ़ोतरी होगी और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा भिवानी डिपो को सबसे ज्यादा 40 बसें आवंटित की गई हैं। हिसार डिपो को 37, गुरुग्राम को 35, सिरसा को 32 और यमुनानगर को 28 बसें दी जाएंगी। फरीदाबाद, फतेहाबाद, कैथल और कुरुक्षेत्र डिपो को 25-25 बसें आवंटित की गई हैं।
वहीं दिल्ली, झज्जर, करनाल, नारनौल, पानीपत, रोहतक, सोनीपत, अंबाला और पंचकूला डिपो को 20-20 नई बसें मिलेंगी। चंडीगढ़ डिपो के हिस्से में 14, चरखी दादरी को 12 और रेवाड़ी डिपो को 2 बसें आवंटित की गई हैं। इस प्रकार प्रदेश के कुल 22 डिपो में 500 बसों का वितरण किया जाएगा।
परिवहन निदेशालय ने अशोक लेलैंड कंपनी को निर्देश दिए हैं कि बसों को संबंधित डिपो तक भेजने से पहले वहां के महाप्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि बसों की समय पर डिलीवरी हो सके।
वहीं सभी रोडवेज डिपो के महाप्रबंधकों को भी बसों की प्राप्ति के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया है। नई बसों के शामिल होने से प्रदेश में रोडवेज की परिवहन सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ ही यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

