हरियाणा में HCS अधिकारियों की ट्रांसफर, 5 अफसरों को नई पोस्टिंग, 3 जिलों में RTA भी बदले
HCS Transfer List : हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए HCS अधिकारियों की पोस्टिंग और तबादले के आदेश जारी किए हैं। इसमें 5 अधिकारियों को नई पोस्टिंग मिली है तेा वहीं 3 जिलों के RTA भी बदले गए हैं।
हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तरफ से जारी किए गए इन आदेशों में HCS अधिकारी धीरज चहल (2019), जो फिलहाल पोस्टिंग के इंतजार में थे, उनको हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद में संयुक्त राज्य परियोजना निदेशक (Joint State Project Director) नियुक्त किया गया है। वह इस पद पर HCS अधिकारी निशु नी नम्रता सिंघल (2011) की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, HCS अधिकारी संजय बिश्नोई (2019) को हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में उप सचिव (Deputy Secretary) लगाया गया है। उनकी नियुक्ति रिक्त पद के विरुद्ध की गई है। इससे पहले वह जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (RTA) फतेहाबाद, सिरसा और हिसार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
फतेहाबाद के सिटी मजिस्ट्रेट गौरव गुप्ता (HCS 2020) को उनके वर्तमान कार्यभार के अतिरिक्त जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, RTA फतेहाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह हिसार के सिटी मजिस्ट्रेट रोहित कुमार (HCS 2020) को जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, RTA हिसार का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
इसके अलावा सिरसा के सिटी मजिस्ट्रेट अजय सिंह (HCS 2020) को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ जिला परिवहन अधिकारी एवं सचिव, RTA सिरसा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
