logo

हरियाणा के IAS अफसर यूपी की IPS अफसर के साथ लेंगे फेरे, आज शादी, बदलवाया कैडर

 
हरियाणा के IAS अफसर यूपी की IPS अफसर के साथ लेंगे फेरे, आज शादी, बदलवाया कैडर

IAS Vivek Arya : हरियाणा के युवा IAS अफसर उत्तर प्रदेश की IPS अफसर के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। आज IAS विवेक आर्य और IPS आदिति सिंह की शादी है और दोनों ने एक साथ रहने के लिए आदिति ने अपना हिमाचल प्रदेश कैडर से हरियाणा बदलवा लिया है। इतना ही नहीं, वर्तमान में दोनों अधिकारी पंचकूला में ही अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शादी से पहले 10 से 12 नवंबर तक भिवानी जिले के बाढड़ा में हल्दी और लग्नी सहित अन्य पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन समारोहों में क्षेत्र के कई राजनीतिक और सामाजिक लोगों ने हिस्सा लिया। बाढड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास भी कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान विवेक आर्य खुद मेहमानों का स्वागत करते नजर आए।

सैनिक स्कूल से UPSC तक, विवेक आर्य का सफर
IAS अधिकारी विवेक आर्य मूल रूप से चरखी दादरी जिले के गांव गोपी के रहने वाले हैं। उनके परिवार का बाढड़ा में करीब 50 साल से खाद-बीज का कारोबार है। उनके पिता वीरेंद्र सिंह आर्य स्पेयर पार्ट्स का व्यवसाय करते हैं, जबकि उनके बड़े भाई भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट रह चुके हैं।

विवेक आर्य ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सैनिक स्कूल कुंजपुरा से पूरी की। इसके बाद चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की और दिल्ली विश्वविद्यालय में भी अध्ययन किया। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 131वीं रैंक हासिल कर IAS बनने का सपना पूरा किया।

उनकी सफलता की कहानी इसलिए भी खास रही क्योंकि UPSC का परिणाम आने से पहले ही उनका चयन CDS के माध्यम से सेना में लेफ्टिनेंट और डिप्टी कमांडेंट के पद पर भी हो चुका था।

मेरठ की अदिति ने इंजीनियरिंग के बाद चुनी सिविल सेवा

IPS अधिकारी अदिति सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली हैं। उनकी स्कूली शिक्षा मेरठ के सोफिया गर्ल्स स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने गाजियाबाद के अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री हासिल की।

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा में जाने का फैसला किया और UPSC की तैयारी शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने UPPCS परीक्षा भी पास की। साल 2020 की UPPCS परीक्षा में 54वीं रैंक हासिल कर उनका चयन SDM पद के लिए हुआ था।

इसके बाद UPSC सिविल सेवा परीक्षा में 679वीं रैंक हासिल कर वह IPS अधिकारी बनीं। पढ़ाई के साथ-साथ अदिति खेलों में भी रुचि रखती हैं। वह अपने कॉलेज की वॉलीबॉल टीम की कप्तान रह चुकी हैं। योग, दौड़ और किताबें पढ़ना भी उनके पसंदीदा शौक हैं।

शादी के बाद बदला कैडर, पंचकूला में साथ मिली जिम्मेदारी
विवेक आर्य और अदिति सिंह की शादी की चर्चा की सबसे खास वजह दोनों का प्रशासनिक करियर भी है। UPSC में चयन के बाद अदिति सिंह को हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था। बाद में IAS अधिकारी विवेक आर्य से विवाह तय होने के बाद अंतर-कैडर स्थानांतरण की प्रक्रिया के तहत उन्हें हरियाणा कैडर आवंटित किया गया।

इसके बाद दोनों की पोस्टिंग पंचकूला में हुई। विवेक आर्य अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) के रूप में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जबकि अदिति सिंह पुलिस उपायुक्त (DCP) के पद पर सेवाएं दे रही हैं।