logo

हरियाणा के पहले स्मार्ट रोड प्रोजक्ट को मंजूरी, 32.26 करोड़ रुपए बजट, देखें क्या सुविधाएं 

 
हरियाणा के पहले स्मार्ट रोड प्रोजक्ट को मंजूरी, 32.26 करोड़ रुपए मंजूर, देखें क्या सुविधाएं 

Haryana Smart Road Project : हरियाणा सरकार द्वारा हर शहर में एक स्मार्ट रोड प्रोजक्ट को मंजूरी मिल गई है। इस स्मार्ट रोड पर दोनों तरफ यूटिलिटी कॉरिडोर, बिजली की अंडरग्राउंड केबल, आधुनिक फुटपाथ, ड्रेनेज, ग्रीन बेल्ट, एलईडी लाइटें, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था होगी। 

प्रदेश में पहला स्मार्ट रोड प्रोजक्ट चरखी दादरी मिला है। इसके लिए 32 करोड़ 26 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। सीएम नायब सिंह सैनी ने इस योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। दादरी के विधायक सुनील सांगवान के प्रयासों के बाद इस परियोजना को हरी झंडी मिली है।

स्वीकृत राशि अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड (UIDF) के माध्यम से खर्च की जाएगी। प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण से जुड़ी आगामी प्रक्रिया शुरू होगी। जल्द ही टेंडर जारी कर काम को धरातल पर उतारने की तैयारी है।

तीन चरणों में होगा सड़कों का निर्माण
स्मार्ट रोड परियोजना को तीन हिस्सों में पूरा करने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत अलग-अलग मार्गों पर निर्माण और सुविधाओं के विकास के लिए बजट निर्धारित किया गया है। पहले चरण में सरदार झाड़ सिंह चौक से बधवाना गेट तक सड़क को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इस हिस्से पर करीब 10.98 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

दूसरे चरण में रविदास बस्ती से सरदार झाड़ सिंह चौक तक सड़क का कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए 10.50 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। तीसरे चरण में नगर परिषद क्षेत्र की अन्य प्रमुख सड़कों को स्मार्ट रोड परियोजना में शामिल किया गया है। इस हिस्से पर लगभग 10.78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में आवागमन की व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

परियोजना में केवल सड़कों को चौड़ा या नया बनाने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

विधायक बोले- स्मार्ट रोड से बदलेगी शहर की तस्वीर

दादरी विधायक सुनील सांगवान ने परियोजना को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने 32 करोड़ 26 लाख 5 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। स्मार्ट रोड बनने से शहर के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आएगा और लोगों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इन प्रमुख क्षेत्रों को मिलेगा फायदा

स्मार्ट रोड योजना के तहत रविदास बस्ती, चरखी गेट, बवाना मोड़, परशुराम चौक, पुराना झज्जर रोड, डाडू सिंह चौक, धर्म कांटा, आदर्श धर्मशाला और पुराना कॉलेज रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों को बेहतर बनाने की योजना में शामिल किया गया है।

इस परियोजना से चरखी दादरी को आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। खासकर पैदल यात्रियों की सुरक्षा, जल निकासी, पार्किंग और बिजली व्यवस्था में सुधार होने से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।