समान वेतन और नौकरी सुरक्षित को लेकर एकजुट हुए हरियाणा के एक्सटेंशन लेक्चरर्स, सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
Haryana News : हरियाणा के विभिन्न कॉलेजों में कार्यरत एक्सटेंशन लेक्चरर्स सम्मान काम के लिए समान वेतन की मांग कर रहे हैं।
इसको लेकर मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर-5 में प्रदर्शन कर रोष जताया। यह आंदोलन एक्सटेंशन लेक्चरर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है।
इसमें हरियाणा प्रदेश भर से लेक्चरर्स ने पहुंच कर अपने हकों व सम्मान के साथ सुरक्षित भविष्य के लिए प्रदर्शन कर रोष जताया।
इस दौरान एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने कहा कि एक्सटेंशन लेक्चरर्स की मांगें लंबे समय से लंबित चल रही है।
सरकार को यह मांगें गंभीरता से लेनी चाहिएं और जल्द पूरी की जाएं। क्योंकि अभी तक भी एक्टेंशन लेक्चरर्स को सेवा की सुरक्षा नहीं है। इस वातावरण में काम करना बहुत ही मुश्किल होता है।
ईश्वर सिंह ने कहा कि सर्विस सिक्योरिटी एक्ट प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उनके लिए मानक संचालन प्रक्रिया यानी एसओपी भी शीघ्र जारी करने की जाए।
इसके अलावा सरप्लस लेक्चरर्स का समायोजन यूजीसी मानदंडों के अनुसार समान जिले में किया जाए।
इसको लेकर एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि अब मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली बातचीत में सरकार का क्या रुख रहता है, इसके आधार पर आगे की योजना बनाई जाएगी।
इन लोगों ने कहा कि यह आंदोलन किसी टकराव नहीं है। वे शिक्षित समाज से आते हैँ और अपनी मांगों का न्यायपूर्ण समाधान चाहते हैं।
ऐसे में सरकार को भी चाहिए कि उनकी मांगों पर सकारात्मक रूख अपनाए। इस पर ठोस फैसला लिया जाना चाहिए।
