पराली से पैदा होगी बिजली, हरियाणा की यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक को मिला पेटेंट
Electricity generated from stubble: खेतों से धान के फसल अवशेष व पराली से अब बिजली पैदा हो सकेगी। इससे फसल अवशेष जलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हरियाणा की मुरथल यूनिवर्सिटी को 15 साल की मेहनत के बाद सफलता मिली है।
सोनीपत के मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DCRUST) के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर डॉ. अवधेश कुमार शर्मा द्वारा विकसित मल्टी-फ्लो बायोमास गैसीफिकेशन सिस्टम के अभिनव डिजाइन को पेटेंट मिला है। इस तकनीक के माध्यम से पराली सहित विभिन्न कृषि अवशेषों और जैविक पदार्थों से तापीय, यांत्रिक और विद्युत ऊर्जा का उत्पादन किया जा सकेगा।
इस तकनीक का पेटेंट डॉ. अवधेश कुमार शर्मा के नाम दर्ज हुआ है। वह वर्ष 2011 से इस विषय पर लगातार शोध और तकनीकी विकास कर रहे थे। करीब 15 वर्षों के शोध और प्रयोगों के बाद उनके नवाचार को पेटेंट के रूप में राष्ट्रीय पहचान मिली है। पेटेंट का शीर्षक 'मल्टी-फ्लो बायोमास गैसीफिकेशन सिस्टम एंड ए मेथड देयर ऑफ' है।
पारंपरिक तकनीक से अलग होगी नई प्रणाली
इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें बायोमास गैसीफिकेशन की विभिन्न प्रक्रियाओं और तकनीकी अवधारणाओं को एकीकृत कर नई प्रणाली विकसित की गई है। इसमें इक्वलाइजेशन रेजिस्टेंस, कंप्यूटर सिमुलेशन प्रोग्राम और थर्मल किंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।
इसका मुख्य उद्देश्य कृषि अवशेषों को ताप-रासायनिक प्रक्रिया के जरिए उपयोगी गैस में बदलने की क्षमता को बेहतर बनाना और उत्पादित गैस के प्रभावी इस्तेमाल की संभावनाओं को बढ़ाना है।
इस प्रणाली से तैयार ऊर्जा का उपयोग केवल ताप पैदा करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे यांत्रिक और विद्युत ऊर्जा भी प्राप्त की जा सकेगी। इससे कृषि आधारित क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर वैकल्पिक ऊर्जा के स्रोत विकसित करने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
पराली जलाने की समस्या का बन सकती है विकल्प
हर साल बड़ी मात्रा में पैदा होने वाली पराली और अन्य कृषि अवशेषों का उचित प्रबंधन किसानों के साथ पर्यावरण के लिए भी बड़ी चुनौती बना रहता है। कई क्षेत्रों में इन अवशेषों को खेतों में ही जला दिया जाता है, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ता है। ऐसे में बायोमास गैसीफिकेशन तकनीक कृषि अवशेषों को बेकार पदार्थ के बजाय ऊर्जा के उपयोगी संसाधन में बदलने का विकल्प उपलब्ध करा सकती है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, इस तकनीक का इस्तेमाल ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में किया जा सकता है। इससे कृषि अवशेषों का मूल्यवर्धन करने, वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर विकसित करने में मदद मिल सकती है। विश्वविद्यालय ने इस तकनीक को व्यावसायिक उपयोग के लिए भी तैयार बताया है।
कुलपति ने डॉ. शर्मा को दी बधाई
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने इस उपलब्धि पर डॉ. अवधेश कुमार शर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता केवल शोध और पेटेंट हासिल करना नहीं, बल्कि अनुसंधान को समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना भी है।
डॉ. शर्मा का शोध जनहित से जुड़ा हुआ है। इस तरह के नवाचार आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती देने के साथ युवाओं को अनुसंधान, तकनीकी विकास और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
