हरियाणा रोडवेज की बस में दिया बच्चे को जन्म, ड्राइवर ने 20 मिनट में अस्पताल पहुंचा पेश की मिसाल
Delivery in Haryana roadways bus : हरियाणा रोडवेज की चलती बस एक परिवार के लिए जिंदगी की सबसे यादगार यात्रा बन गई। एक महिला ने रोडवेज की बस में एक बच्चे को जन्म दिया। हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में राजस्थान के अलवर से लौट रही गर्भवती महिला को रास्ते में अचानक तेज प्रसव पीड़ा उठी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही बस में बच्चे की किलकारी गूंज उठी।
हालात ऐसे थे कि हर पल कीमती था, लेकिन चालक कासम ने सूझबूझ दिखाते हुए सवारियों से भरी बस को महज 20 मिनट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), फिरोजपुर झिरका पहुंचा दिया। बस में मौजूद महिलाओं ने भी प्रसव के दौरान मदद की. हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद मां और नवजात को बेहतर इलाज के लिए मांडीखेड़ा रेफर करना पड़ा।
अल्ट्रासाउंड में बताया था 15 दिन का समय
जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर झिरका के वार्ड नंबर-7 निवासी शोयब खान शुक्रवार सुबह अपनी गर्भवती पत्नी सुमैय्या को डिलीवरी संबंधी जांच के लिए अलवर के सानिया अस्पताल लेकर गए थे। जांच और अल्ट्रासाउंड के बाद उन्हें बताया गया कि प्रसव में अभी करीब 15 दिन का समय है। इसके बाद दवाइयां देकर दंपती को घर लौटने की सलाह दी गई।
वापसी के दौरान रामगढ़ पार करते ही सुमैय्या को तेज दर्द होने लगा। नौगांवा पहुंचते-पहुंचते उसकी हालत को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई। शोयब ने बस परिचालक को स्थिति बताई। इसके बाद चालक कासम ने देर किए बिना बस को फिरोजपुर झिरका सीएचसी की ओर मोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बस में जन्मा बच्चा
हरियाणा रोडवेज की बस में अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुमैय्या ने सामान्य प्रसव से बेटे को जन्म दे दिया। बस में मौजूद महिलाओं ने इस मुश्किल घड़ी में उसकी मदद की। इसके बाद चालक बस को तेजी से स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां मां और नवजात को भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया.
रात एक बजे मां-बच्चे को मांडीखेड़ा किया रेफर
पीएचसी फिरोजपुर झिरका के एडिशनल एसएमओ डॉ. आदित्य यादव ने बताया कि शुक्रवार देर शाम बस में महिला की डिलीवरी हुई थी। महिला और नवजात के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते ही दोनों को भर्ती कर प्राथमिक चिकित्सा दी गई। बेहतर इलाज के लिए रात करीब एक बजे मां और बच्चे को अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा रेफर कर दिया गया।
