हरियाणा में दिवाली पर इन कर्मचारियों की छुटि्टयां रद्द
चंडीगढ़ । धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर जहां लगभग हर विभाग के कर्मचारियों की छुट्टी होती है और वह परिवार के साथ मिलकर अपना त्यौहार मनाते हैं लेकिन एक विभाग ऐसा भी है, जिसके कर्मचारियों की छुट्टियां विभाग ने रद्द कर दी हैं।
जी हां, हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करते हुए अतिरिक्त ड्यूटी सौंपी है। जिन रूटों पर यात्रियों की भीड़ ज्यादा होगी, उन रूटों पर बसों का संचालन सुचारू रखना होगा। परिवहन विभाग की ओर से सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने का फैसला लिया गया है, ताकि त्योहारों के दौरान बस संचालन प्रभावित न हो।
प्रदेश भर में करीब 3400 रोडवेज बसें ऑन रूट हैं। इनमें सुबह 4 बजे से पहली बस रूट पर निकलती हैऔर रात को 9 बजे तक सामान्य डिपो में बसें चलती हैं तो वहीं नेशनल हाईवे या प्रमुख मार्गों पर रात भर रोडवेज बसें चलती हैं। ऐसे में चालक-परिचालकों की ड्यूटियां निरंतर लगी रहती है। त्यौहार पर यात्रियों का रस ज्यादा रहता है, इसलिए रोडवेज के चालक-परिचालक छुट्टी नहीं कर पाते।
भीड़भाड़ वाले रूटों पर बढ़ाई जाएगी बसों की संख्या
हरियाणा राज्य परिवहन की ओर से कई रूटों पर अतिरिक्त बस सेवा शुरू करने के आदेश भी दिए गए हैं। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को बसों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। खासकर उन रूटों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां यात्रियों की आवाजाही अधिक रहती है।
रोडवेज का प्रयास है कि धनतेरस और दीपावली के दौरान आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध करवाने के लिए हरियाणा राज्य परिवहन पूरी तरह तत्पर है।
