हरियाणा की 87 निकायों पर बरसा खजाना, 1728 करोड़ की ग्रांट, देखें किस निकाय को कितने
Haryana news : हरियाणा सरकार ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्य की 87 नगर निकायों को 1727.80 करोड़ रुपये की ग्रांट जारी की है। इस राशि से नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए जाएंगे।
जारी बजट में महेंद्रगढ़ जिले की पांच नगर निकायों को कुल 33 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक की राशि मिली है। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय की ओर से जारी इस ग्रांट में विकास कार्यों के लिए 1056.68 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जबकि 671.12 करोड़ रुपये कर्मचारियों के वेतन और अन्य जरूरी खर्चों के लिए आवंटित किए गए हैं।
महेंद्रगढ़ जिले में नारनौल नगर परिषद को सबसे अधिक 20 करोड़ 84 लाख 43 हजार रुपये की ग्रांट मिली है। इसमें 12 करोड़ 74 लाख 79 हजार रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे, जबकि 8 करोड़ 9 लाख 64 हजार रुपये वेतन और अन्य खर्चों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
इसी तरह महेंद्रगढ़ नगर पालिका को 5 करोड़ 12 लाख 41 हजार रुपये दिए गए हैं। इसमें 3 करोड़ 13 लाख 37 हजार रुपये विकास कार्यों के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा नांगल चौधरी नगर पालिका को 3 करोड़ 66 लाख 78 हजार रुपये, कनीना को 2 करोड़ 41 लाख 41 हजार रुपये और अटेली मंडी नगर पालिका को 1 करोड़ 18 लाख 11 हजार रुपये की राशि जारी की गई है।
दूसरे कामों में खर्च नहीं होगी ग्रांट
शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने सभी जिला नगर आयुक्तों और निगम आयुक्तों को निर्देश दिए हैं कि जारी की गई राशि का इस्तेमाल तय नियमों के अनुसार ही किया जाए। यह पैसा सीधे संबंधित निकायों के एसबीआई खातों में भेजा गया है। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि विकास और अन्य निर्धारित खर्चों के लिए मिली राशि को किसी दूसरे काम में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इसके अलावा खर्च की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र भी समय पर जमा करवाना होगा।
महेंद्रगढ़ नगर पालिका के प्रधान रमेश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महेंद्रगढ़ के विकास के लिए जो राशि जारी की है, उसके लिए वे उनका आभार व्यक्त करते हैं। इस ग्रांट से शहर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से विकास के लिए दी गई यह राशि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है।
