उत्तराखंड में गन्ने का भाव बढ़ाने के लिए किसान एकजुट, पूर्व मुख्यमंत्री भी बैठे धरने पर
देश के कई राज्यों के किसान गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसमें उत्तराखंड में किसान इन दिनों लक्सर में आंदोलन कर रहे हैं। किसानों के आंदोलन के बीच पहुंच कर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश राव ने भी समर्थन दिया। वे किसानों के धरने पर पहुंचे और यहां किसानों के साथ बैठ गए।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि गन्ने का मूल्य कम से कम 550 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए बिजली बिल माफ करने और उर्वरक वितरण में फार्मर आईडी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पर किसान-मजदूरों की उपेक्षा कर रही है। राज्य में हुई ओलावृष्टि से जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ उनको उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। साथ ही किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य भी नहीं दिया जा रहा है।
रावत ने कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों की लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार बनेगी, एक सप्ताह के भीतर किसानों की मांगों पर निर्णय होंगे। इस दौरान हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने कहा कि कहा कि खेती की बढ़ती लागत और महंगाई को देखते हुए किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य दिया जाना चाहिए।
