हरियाणा से जयपुर, अजमेर और चित्तौड़गढ़ के लिए सीधी रोडवेज बस शुरू, देखें टाइमटेबल
Haryana to Rajasthan Bus time : हरियाणा रोडवेज ने राजस्थान के जयपुर, अजमेर, चितौड़गढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी बस सुविधा दी है। इस बस के संचालन से हरियाणा के लोगों को राजस्थान के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी। यात्रियों को जयपुर, अजमेर, पुष्कर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ जाने के लिए अलग-अलग बसें बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
हरियाणा रोडवेज के रोहतक डिपो से राजस्थान के ऐतिहासिक शहर चित्तौड़गढ़ के लिए (Rohtak to Chittorgarh bus) बुधवार से सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है। यह बस प्रतिदिन रोहतक बस स्टैंड से सुबह 8:30 बजे बस रवाना होगी। इसके बाद सुबह 9:15 बजे झज्जर और 11 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
यहां से कोटपूतली होते हुए दोपहर 3:40 बजे जयपुर पहुंचेगी। इसके बाद किशनगढ़ होते हुए शाम 6:15 बजे अजमेर, रात 8 बजे विजयनगर और 9:35 बजे भीलवाड़ा पहुंचेगी। इसके बाद रात 10 बजकर 50 मिनट पर बस चितौड़गढ़ पहुंचेगी और यहीं पर नाइट स्टे होगा।
चितौड़गढ़ से हरियाणा की (Rohtak to Chittorgarh bus) तरफ वापसी में बस समय
चित्तौड़गढ़ से रोहतक के लिए बस सुबह 4:15 बजे रवाना होगी। रास्ते में सुबह 5:40 बजे भीलवाड़ा और 8:34 बजे अजमेर पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 11:40 बजे जयपुर पहुंचेगी। आगे कोटपूतली, रेवाड़ी और झज्जर होते हुए रोहतक पहुंचेगी।
यह रहेगा किराया (Rohtak to Chittorgarh bus)
रोडवेज से झज्जर तक 37 रुपये, रेवाड़ी तक 92 रुपये, कोटपूतली तक 167 रुपये, जयपुर तक 283 रुपये, किशनगढ़ तक 388 रुपये, अजमेर तक 418 रुपये, विजयनगर तक 540 रुपये, भीलवाड़ा तक 610 रुपये और चित्तौड़गढ़ तक 670 रुपये किराया देना होगा।
इस बस सेवा का लाभ केवल एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचने तक सीमित नहीं रहेगा। रास्ते में कई प्रसिद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल भी आते हैं। झज्जर में बेरी स्थित भीमेश्वर देवी मंदिर और बुआ का गुंबद प्रमुख आकर्षण हैं। रेवाड़ी में घटेश्वर मंदिर और ऐतिहासिक बड़ा तालाब देखा जा सकता है।
राजस्थान के कोटपूतली क्षेत्र के आसपास पाटन का किला और बामदेव मंदिर स्थित हैं। वहीं जयपुर पहुंचने पर गोविंद देवजी मंदिर, गलता जी और मोती डूंगरी गणेश मंदिर जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन किए जा सकते हैं।
किशनगढ़ के आसपास गुंदोलाव झील और प्राचीन जैन मंदिर भी दर्शनीय स्थल हैं। अजमेर में सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। अजमेर से करीब 15 किलोमीटर दूर पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर और पवित्र पुष्कर सरोवर स्थित हैं।
चित्तौड़गढ़ अपने ऐतिहासिक किले और वीरता की विरासत के लिए प्रसिद्ध है। इस बस सेवा के शुरू होने से हरियाणा के यात्रियों को राजस्थान के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचने का एक सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। साथ ही दोनों राज्यों के बीच आवागमन और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
