logo

दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत पर बड़ा अपडेट, दिल्ली में जमीन की जांच शुरू 

 
दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत पर बड़ा अपडेट, दिल्ली में जमीन की जांच शुरू 

Panipat karnal namo bharat : दिल्ली से हरियाणा के औद्योगिक और प्रमुख शहरों तक तेज रफ्तार रेल कनेक्टिविटी विकसित करने की दिशा में बड़ी तैयारी चल रही है। दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर को धरातल पर उतारने के लिए अब निर्माण से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं को गति दी जा रही है।

करीब 33,051 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के दिल्ली वाले हिस्से में जमीन की मजबूती जांचने का काम किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने प्रारंभिक पाइल लोड टेस्ट की निविदा जारी कर दी है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए छह महीने की समयसीमा तय की गई है।

इस जांच का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि प्रस्तावित कॉरिडोर के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली नींव और अन्य संरचनाएं जमीन का कितना भार सहन कर सकेंगी। जांच के दौरान मिट्टी की गुणवत्ता, जमीन की क्षमता और नींव की गहराई से जुड़े तकनीकी पहलुओं का पता लगाया जाएगा।

इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्माण की रूपरेखा तैयार होगी। खास बात यह है कि दिल्ली में कई स्थानों पर घनी आबादी और पहले से मौजूद परिवहन एवं अन्य बुनियादी ढांचे के बीच इस कॉरिडोर का निर्माण होना है। ऐसे में शुरुआती तकनीकी जांच को परियोजना का अहम चरण माना जा रहा है।

136 किलोमीटर से अधिक लंबा होगा नमो भारत का नेटवर्क
प्रस्तावित दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर की कुल लंबाई 136.30 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इसका शुरुआती स्टेशन दिल्ली का सराय काले खां होगा, जबकि अंतिम पड़ाव करनाल तक प्रस्तावित है। यह रूट दिल्ली से सोनीपत होते हुए पानीपत और करनाल तक पहुंचेगा। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के समानांतर क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क विकसित करने की योजना है।

पूरे मार्ग पर 22 स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें ज्यादातर स्टेशन जमीन से ऊपर यानी एलिवेटेड होंगे। दिल्ली के हिस्से में इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, झरोदा माजरा, भलस्वा, अलीपुर और नरेला स्टेशन शामिल किए गए हैं। इनमें कश्मीरी गेट भूमिगत होगा, जबकि शेष पांच स्टेशन एलिवेटेड बनाए जाएंगे। यात्रियों को निर्बाध सफर उपलब्ध कराने के लिए इन स्टेशनों को मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं से जोड़ने की योजना है।

दिल्ली से पानीपत का सफर एक घंटे में होने की उम्मीद

इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा दिल्ली और हरियाणा के बीच रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को मिल सकता है। प्रस्तावित समय के अनुसार दिल्ली से पानीपत तक की दूरी करीब एक घंटे में और करनाल तक का सफर लगभग 90 मिनट में पूरा हो सकेगा। ट्रेन की डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा और परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा प्रस्तावित है।

इससे कुंडली, सोनीपत, मुरथल, गन्नौर, समालखा और पानीपत जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को राजधानी से तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। नौकरीपेशा लोगों के साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है।

पांच स्टेशनों से सात मेट्रो लाइनों तक पहुंचेगी कनेक्टिविटी
इस नए कॉरिडोर की खासियत यह होगी कि इसके पांच स्टेशनों पर यात्रियों को सात अलग-अलग मेट्रो लाइनों से जुड़ने का विकल्प मिलेगा। इंद्रलोक स्टेशन पर रेड और ग्रीन लाइन, नबी करीम पर मैजेंटा लाइन, नई दिल्ली स्टेशन पर येलो और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन, दिल्ली गेट पर वायलेट लाइन तथा इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।

चालक रहित मेट्रो के लिए तैयार होगा पूरा नेटवर्क
नई लाइन को आधुनिक स्वचालित परिचालन तकनीक के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसके जुड़ने के बाद बॉटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 89 किलोमीटर हो जाएगी। इस पूरे रूट पर चालक रहित मेट्रो संचालन की व्यवस्था विकसित करने की योजना है।

इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर के साथ दोनों परियोजनाओं की संयुक्त स्वीकृत लागत 8,399 करोड़ रुपये है। इस तरह दिल्ली में एक तरफ हरियाणा तक नमो भारत का विस्तार तैयार हो रहा है, तो दूसरी तरफ शहर के भीतर मेट्रो नेटवर्क को भी नए भूमिगत कॉरिडोर से मजबूत किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में इन दोनों परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर के सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।