हरियाणा में HTET-2026 का काउंटडाउन शुरू, 26-27 दिसंबर को होगी परीक्षा
HTET Exam date : हरियाणा में शिक्षक बनने के लिए तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET 2026 के लिए 26 और 27 दिसंबर को एग्जाम की घोषणा कर दी है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने HTET परीक्षा आयोजित करवाने के लिए शिक्षा विभाग के पास प्रस्ताव भेजा था। विभाग ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 26 और 27 दिसंबर की तारीख तय कर दी है। इसके बाद परीक्षा की तैयारियों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
HTET की तारीख घोषित होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पर है। जानकारी के अनुसार, बोर्ड जल्द ही परीक्षा के लिए आवेदन पोर्टल खोलने की तैयारी में है। आवेदन शुरू होने के बाद इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
दो दिन आयोजित होगी परीक्षा
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) प्रदेश में शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षा है। परीक्षा 26 और 27 दिसंबर को होगी। हालांकि, आवेदन की अंतिम तारीख, परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल, परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड से संबंधित जानकारी बोर्ड की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
HTET पास करने के बाद लाइफटाइम रहेगा सर्टिफिकेट
बता दें कि HTET पास करने के बाद अभ्यर्थियों को संबंधित शिक्षक भर्ती के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तें पूरी करनी होती हैं। HTET से जुड़ा एक महत्वपूर्ण नियम यह है कि अब इसके प्रमाण पत्र की वैधता जीवनभर के लिए है। यानी एक बार परीक्षा पास करने के बाद अभ्यर्थी को पात्रता बनाए रखने के लिए निश्चित समय के बाद दोबारा परीक्षा देने की जरूरत नहीं होगी।
पास होने के लिए इतने अंक जरूरी
परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 60 प्रतिशत यानी 90 अंक प्राप्त करने होते हैं। वहीं हरियाणा के अनुसूचित जाति और शारीरिक रूप से दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत यानी 82 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग नहीं होती, लेकिन 20 से अधिक प्रश्नों को खाली छोड़ने पर अभ्यर्थी को अयोग्य घोषित किया जा सकता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पिछली परीक्षा में इस नियम के चलते 1973 अभ्यर्थी डिसक्वालीफाई हुए थे।
सरकारी स्कूलों में 15,659 शिक्षकों के पद खाली
हरियाणा सरकार की ओर से फरवरी 2026 में विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, प्रदेश के सरकारी स्कूलों में PGT, TGT और PRT श्रेणियों को मिलाकर कुल 15,659 पद रिक्त थे। ऐसे में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए HTET महत्वपूर्ण परीक्षा बनी हुई है।
