logo

CM सैनी का बड़ा एक्शन, 3 अधिकारी सस्पेंड, गलियां बनी नहीं, ठेकेदार को भुगतान कर दिया

 
CM सैनी का बड़ा एक्शन, 3 अधिकारी सस्पेंड, गलियां बनी नहीं, ठेकेदार को भुगतान कर दिया

Haryana News Sirsa : हरियाणा में सीएम नायब सिंह सैनी ने एक्सईएन समेत 3 अधिकारियों व कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया है। अधिकारियों पर सरकारी धन के दुरुपयोग, निर्माण कार्य में गड़बड़ी जैसे आरोप थे और इनकी एक साल से फाइल दबाने का प्रयास किया जा रहा था। 

मामला सिरसा का है। यहां ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग में सीएम नायब सिंह सैनी का सख्त एक्शन देखने को मिला। गलियों, सड़कों के निर्माण से पहले ही ठेकेदार को पेमेंट करने का मामला उठने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्कालीन एक्सईएन और दो जेई को निलंबित करने के आदेश दिए हैं।

इसके अलावा डीएमसी का एक महीने का वेतन काटने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जब गलियों का निर्माण हुआ ही नहीं तो ठेकेदार को भुगतान किस आधार पर कर दिया गया। शहर के लोगों को परेशान करने के बजाय काम पूरा करवाना चाहिए था।

दरअसल, सिरसा में गलियों के निर्माण में गड़बड़ी की जांच रिपोर्ट आने और जिला प्रशासन की ओर से बार-बार पत्र लिखने के बावजूद विभागीय मुख्यालय ने करीब एक साल तक फाइल दबाए रखी। भाजपा पार्षदों की शिकायत पर जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की पिछली दो बैठकों में मामला उठाया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रविवार को आयोजित बैठक में इस पर सख्त संज्ञान लिया।

मामले में पंचायत भवन में आयोजित ग्रिवेंस कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के आदेश दिए। इससे पहले तत्कालीन एसडीओ विक्की, जेई प्रवीण और एक्सईएन जेएस राहुल को निलंबित किया गया था। जांच रिपोर्ट में तीन जेई, दो एसडीओ और एक एक्सईएन को जिम्मेदार ठहराया गया था। हालांकि बाकी अधिकारियों पर कार्रवाई होना अभी बाकी है।

30 करोड़ के टेंडर में सामने आई गड़बड़ी

भाजपा पार्षदों की शिकायत पर डीसी ने करीब 30 करोड़ रुपये के टेंडर (यूसीआरएसएस-7) के तहत कॉलोनियों की गलियों की जांच करवाई थी। इसमें बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। रिकॉर्ड में 1.12 लाख वर्गमीटर निर्माण दिखाया गया, जबकि मौके पर केवल 55 हजार वर्गमीटर काम ही मिला।

करीब 7-8 गलियां ऐसी मिलीं, जिनका निर्माण हुआ ही नहीं था, लेकिन उनका भुगतान कर दिया गया। अन्य टेंडरों में भी इसी तरह की गड़बड़ी सामने आई। डीसी ने 18 नवंबर 2025 को कार्रवाई के लिए विभाग को पत्र लिखा था और रिपोर्ट भी भेजी थी, लेकिन मामला मुख्यालय स्तर पर लंबित रहा।

रविवार को बैठक में मामला दोबारा उठने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएमसी सुरेंद्र बेनीवाल ने भी पुष्टि की कि मुख्यमंत्री के आदेश पर एक एक्सईएन और दो जेई निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि शेष अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश मुख्यालय से आने बाकी हैं।