खाटूश्याम मंदिर में दर्शन को लेकर बड़ा अपडेट, इस दिन 5 बजे तक बंद रहेंगे कपाट
Khatu Shyam Darshan Update : राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सूचना है। श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से 12 नवंबर 2026 को बाबा श्याम की विशेष सेवा-पूजा के चलते आम दर्शन व्यवस्था बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मंदिर कमेटी ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।
श्री श्याम मंदिर कमेटी (रजि.) की ओर से 9 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, 12 नवंबर (गुरुवार) को श्री श्याम प्रभु की विशेष सेवा-पूजा आयोजित की जाएगी। इसके चलते बाबा के दर्शन 11 नवंबर की रात 10 बजे से बंद कर दिए जाएंगे। मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की सुविधा 12 नवंबर को शाम 5 बजे तक बंद रहेगी। इसके बाद दर्शन व्यवस्था दोबारा शुरू होगी। इस दौरान श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर सकेंगे।
मंदिर कमेटी ने भक्तों से की अपील
मंदिर कमेटी ने जारी सूचना में सभी श्याम भक्तों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय को ध्यान में रखकर ही खाटूधाम पहुंचने की योजना बनाएं। विशेष सेवा-पूजा के बाद शाम 5 बजे से दर्शन के लिए मंदिर पहुंच सकते हैं।
देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटूधाम पहुंचते हैं। ऐसे में 11 और 12 नवंबर को यात्रा की योजना बना रहे भक्तों के लिए यह सूचना महत्वपूर्ण है। मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं में सहयोग करने और निर्धारित समय के अनुसार ही दर्शन के लिए पहुंचने की अपील की है।
