logo

हरियाणा रोडवेज में बड़ा अपडेट : कंडक्टरों के विजिलेंस केस से लेकर ACR तक का रिकॉर्ड मांगा

 
हरियाणा रोडवेज में बड़ा अपडेट, कंडक्टरों विजिलेंस केस से लेकर ACR तक का रिकॉर्ड मांगा

 

 

Haryana roadways conductor promotion : हरियाणा रोडवेज में कंडक्टरों को उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत करने की प्रक्रिया को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में हरियाणा राज्य परिवहन के महानिदेशक कार्यालय की ओर से प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर परिचालकों से संबंधित जरूरी रिकॉर्ड और सूचनाएं मांगी गई हैं।

महानिदेशक, राज्य परिवहन हरियाणा की ओर से 4 नवंबर 2026 को जारी पत्र में वर्ष 2008 में चयनित परिचालकों तथा उससे पहले विभाग में लगे परिचालकों की वरिष्ठता सूची मांगी गई है। इसके साथ ही दिव्यांग परिचालकों की वरिष्ठता सूची भी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्र के अनुसार सभी डिपो में कार्यरत परिचालकों से संबंधित विभागीय नियमावली 2016 के नियम 4ए तथा 4बी के तहत जारी आरोप पत्रों का विवरण भी मांगा गया है। इसके अलावा किसी कर्मचारी के खिलाफ विजिलेंस जांच या कोर्ट केस लंबित होने, वार्षिक वेतन वृद्धि पर उसके प्रभाव, यदि कोई मामला लंबित है, तथा पिछले 10 वर्षों की एसीआर (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) का सारांश उपलब्ध करवाने को कहा गया है।

विभाग ने दिव्यांग कर्मचारियों की सही और दुरुस्त जानकारी भी मांगी है। सभी महाप्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि यह पूरा रिकॉर्ड 4 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक ई-मेल के माध्यम से महानिदेशक कार्यालय को भेजा जाए।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मांगी गई सूचना रिकॉर्ड के अनुसार सही और दुरुस्त होनी चाहिए। संबंधित कार्यालय के सक्षम अधिकारी से सत्यापन करवाने के बाद ही जानकारी भेजी जाए। यदि कोई सूचना गलत या अधूरी पाई जाती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित कार्यालय की होगी। इस पत्र की प्रतिलिपि सभी महाप्रबंधकों, हरियाणा राज्य परिवहन और आईएसबीटी दिल्ली में तैनात अधिकारियों को भी भेजी गई है।