हरियाणा रोडवेज में HKRN कंडक्टरों के लिए बड़ी खबर, परिवाहन महानिदेश ने जारी किए आदेश
Haryana Roadways HKRN : हरियाणा रोडवेज में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRNL) के माध्यम से कार्यरत परिचालकों के डिपो बदलने के बाद वेतन निर्धारण और भुगतान को लेकर आ रही दिक्कतों पर परिवहन विभाग ने संज्ञान लिया है। इस संबंध में हरियाणा परिवहन महानिदेशक ने प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
20 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, HKRNL के माध्यम से हरियाणा राज्य परिवहन के विभिन्न डिपो में कार्यरत परिचालकों का एक डिपो से दूसरे डिपो में स्थानांतरण होने के बाद भी HKRNL पोर्टल पर उनकी जॉब लोकेशन शुरुआती नियुक्ति वाले डिपो की ही प्रदर्शित हो रही है। इसके कारण उनके वेतन का निर्धारण और भुगतान करने में परेशानी आ रही थी।
इस मामले में हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड, पंचकूला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने 16 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट की थी। इसमें परिचालक संजीव कुमार (HKRNL ID 169367) के मामले का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया कि संबंधित कर्मचारी को वेतन का भुगतान उसकी Initial Place of Posting (प्रारंभिक नियुक्ति स्थल) के आधार पर ही किया जाएगा।
परिवहन महानिदेशक की ओर से जारी निर्देशों में सभी महाप्रबंधकों को कहा गया है कि ऐसे परिचालकों, जिनका एक डिपो से दूसरे डिपो में स्थानांतरण हुआ है, उनके वेतन भुगतान के संबंध में HKRNL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के 16 नवंबर के पत्र के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस निर्देश से प्रदेश के उन HKRN परिचालकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके डिपो बदलने के बाद पोर्टल पर पुरानी जॉब लोकेशन प्रदर्शित होने के कारण वेतन भुगतान में परेशानी आ रही थी।
