वीटा प्लांट में बनेगा बालाजी-खाटूश्याम बाबा का सवामणी प्रसाद, 15 दिन तक नहीं होगा खराब
Vita sawamani parsad : बालाजी और खाटूश्याम बाबा के भक्तों के लिए अच्छी खबर है। अब भक्तों को सवामणी का शुद्ध प्रसाद तैयार करवाने के लिए अलग-अलग जगहों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वीटा मिल्क प्लांट की ओर से भक्तों की मांग को देखते हुए सवामणी का प्रसाद तैयार करवाकर उपलब्ध करवाने की योजना बनाई गई है।
खास बात यह है कि यह प्रसाद बाजार से कम कीमत पर मिलेगा और विशेष पैकिंग के कारण 15 दिनों तक खराब नहीं होगा। इसे वीटा के उत्पादों में भी शामिल किया जाएगा। हरियाणा भर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सालासर धाम और सिरसा स्थित श्री सालासर धाम मंदिर में सवामणी करवाते हैं।
इसमें बाबा को भोग लगाने के लिए शुद्ध प्रसाद तैयार करवाया जाता है। श्रद्धालुओं की इसी मांग को देखते हुए वीटा मिल्क प्लांट प्रबंधन ने यह पहल करने की तैयारी की है। प्लांट के मार्केटिंग मैनेजर कृष्ण बंसल के अनुसार सीईओ दिनेश कुमार के साथ सहमति बनने के बाद प्रसाद तैयार करवाने की योजना पर काम शुरू हो जाएगा।
रोजगार के अवसर
वीटा मिल्क प्लांट की इस योजना का उद्देश्य शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उत्पादों की पहुंच बढ़ाना है। नए बूथ स्थापित होने से उपभोक्ताओं को दूध और अन्य उत्पाद खरीदने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं बूथ संचालन के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। सवामणी प्रसाद को वीटा उत्पादों में शामिल करने से श्रद्धालुओं को भी एक नई सुविधा मिलेगी।
96 नए बूथों से उपभोक्ताओं तक बढ़ेगी उत्पादों की पहुंच
दूसरी ओर जिले में वीटा के दूध और अन्य उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए बूथ नेटवर्क का भी विस्तार किया जा रहा है। जिले में पहले से 46 वीटा बूथ स्थापित हैं। अब 96 नए बूथ स्थापित करने की योजना है। इनमें से 56 बूथों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि 40 स्थानों पर विभिन्न विभागों से जगह की मंजूरी मिलने का इंतजार है।
बूथ स्थापित करने के लिए विभागों को केवल जगह उपलब्ध करवानी होगी। बूथ और उत्पादों की व्यवस्था प्लांट प्रबंधन की ओर से की जाएगी।
