logo

2 साल की उम्र में कियारा ने रचा इतिहास, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम

 
2 साल की उम्र में कियारा ने रचा इतिहास, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम

Haryana news : प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। इस कहावत को दो वर्षीय नन्हीं कियारा ने सच साबित कर दिखाया है। अपनी असाधारण याददाश्त और सीखने की अद्भुत क्षमता के दम पर कियारा ने इतनी कम उम्र में प्रतिष्ठित इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाकर रेवाड़ी जिले का नाम रोशन किया है।

रेवाड़ी के मोहल्ला छिपटवाड़ा की रहने वाली कियारा को इस उपलब्धि के लिए 'IBR अचीवर' का खिताब मिला है। कियारा की प्रतिभा ने सभी को हैरान कर दिया है। जहां इस उम्र में अधिकांश बच्चे बोलना और शुरुआती शब्द सीखने की प्रक्रिया में होते हैं, वहीं कियारा बिना रुके एक से 30 तक गिनती सुना देती है।

इतना ही नहीं, उसे विभिन्न फलों और सब्जियों के नामों की पहचान भी है। सप्ताह के सातों दिनों के नाम बताने के साथ-साथ वह शरीर के प्रमुख अंगों को भी आसानी से पहचान लेती है।

कम उम्र में सीखने की गजब क्षमता
कियारा की सबसे खास बात उसकी याद रखने और सीखी हुई जानकारी को तुरंत दोहराने की क्षमता है। उसकी इस प्रतिभा ने परिवार के सदस्यों को भी प्रभावित किया। परिजनों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से कियारा ने कम उम्र में ही अलग-अलग विषयों की जानकारी हासिल की। इसी प्रतिभा के आधार पर उसका चयन इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में हुआ है।

परिवार में खुशी का माहौल
कियारा की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। महज दो साल की उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करना अपने आप में खास उपलब्धि है। कियारा ने यह साबित किया है कि सही माहौल, प्रोत्साहन और सीखने के अवसर मिलने पर छोटी उम्र में भी बच्चे अपनी प्रतिभा से बड़ी पहचान बना सकते हैं। उसकी इस सफलता पर क्षेत्र के लोग भी गर्व महसूस कर रहे हैं।