logo

दूध हुआ महंगा, अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाए दाम, जानें अब कितने रुपये में मिलेगा एक लीटर

 
दूध हुआ महंगा, अमूल और मदर डेयरी ने बढ़ाए दाम, जानें अब कितने रुपये में मिलेगा एक लीटर

Milk Price hike : देशभर में दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं की जेब पर अब महंगाई का एक और असर पड़ने वाला है। अमूल और मदर डेयरी ने अपने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। दोनों कंपनियों के नए रेट आज यानि वीरवार से लागू हो गए हैं।

दूध की अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से कीमतों में 2 रुपये से लेकर 4 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा किया गया है। कंपनियों की ओर से कीमतें बढ़ाने के पीछे दूध उत्पादन और सप्लाई पर आने वाले खर्च को मुख्य वजह बताया गया है।

पशुओं के चारे, दाने, पैकेजिंग और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते डेयरी कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है। इसके अलावा किसानों से दूध खरीदने के लिए भी अब पहले के मुकाबले ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है।

अमूल के इन दो उत्पादों पर बढ़े दाम
अमूल ने अपने लोकप्रिय दूध उत्पादों की कीमतों में बदलाव किया है। कंपनी के अनुसार अमूल ताजा टोंड मिल्क अब 2 रुपये प्रति लीटर महंगा मिलेगा। वहीं अमूल गोल्ड की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। कंपनी का कहना है कि दूध के उत्पादन से लेकर उसे ग्राहकों तक पहुंचाने में होने वाला खर्च लगातार बढ़ रहा है।

मदर डेयरी के नए रेट भी लागू
मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। दिल्ली-एनसीआर में अब टोंड दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है। फुल क्रीम दूध के लिए ग्राहकों को अब 76 रुपये प्रति लीटर देने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 72 रुपये थी।

इसी तरह पैकेट वाले टोंड दूध का भाव 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डबल टोंड दूध अब 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय के दूध की कीमत में भी 3 रुपये का इजाफा किया गया है। अब इसके लिए 65 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे।