ACB Raid : 15 हजार रुपए रिश्वत लेते पब्लिक हेल्थ का कर्मचारी रंगे हाथों काबू
Haryana ACB Raid : एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने दिवाली से पहले पब्लिक हेल्थ के कर्मचारी को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामला हरियाणा के जींद का है। जींद में पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के एसडीसी धर्मबीर गोयत को 15 हजार रुपए की रिश्वत के साथ दबोचा है। आरोप है कि ठेकेदार का बिल पास करने की एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत पर विजिलेंस की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान HKRN में ग्रुप-डी के एक कर्मचारी को भी गिरफ्तार किया है, इसके पास से रिश्वत की रकम मिली है।
बताया जा रहा है कि बिल पास करने की एवज में एसडीसी क्लर्क धर्मबीर गोयत द्वारा 3 प्रतिशत कमिशन मांगा जा रहा था। ठेकेदार गांव रामगढ़ निवासी प्रदीप ने इसकी शिकायत विजिलेंस को कर दी। इसमें प्रदीप ने बताया कि उसके पिछले करीब दो साल से 15 लाख रुपए के बिल लंबित हैं।
इनमें डिवीजन-1 के करीब 9 लाख और डिवीजन-2 के 6 लाख रुपए के बिल शामिल हैं। इन बिलों को पास करने के लिए एसडीसी धर्मबीर गोयत ने 3 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी। शिकायत के मिलने के बाद विजिलेंस ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। योजना के अनुसार, वीरवार दोपहर बाद प्रदीप कुमार कार्यालय पहुंचा और एसडीसी को 500-500 रुपए के नोट दिए।
इसके बाद विजिलेंस टीम मौके पर पहुंच गई। टीम के पहुंचने से पहले एसडीसी ने रिश्वत की रकम अपने पास काम करने वाले एचकेआरएन के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को दे दी थी। विजिलेंस ने 15 हजार रुपए के साथ एसडीसी को पकड़ लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
