गुम हुआ मोबाइल ढूंढने के नाम पर मांगी 3 हजार की रिश्वत, ACB ने दबोचा
Haryana ACB Raid : हरियाणा में गुम हुए मोबाइल को ढूंढने की एवज में 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए होमगार्ड के जवान को रंगे हाथों काबू किया गया है। आरोपी की पहचान सोनू के रूप में हुई और उसके खिलाफ भ्रष्टचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर के जांच शुरू कर दी गई है।
घटना सोनीपत के कुंडली थाना क्षेत्र की है। कुंडली निवासी मोहन ने एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम को दी शिकायत में बताया था कि उसका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया है और इसकी डीडीआर कटवाकर पुलिस को शिकायत दी थी।
मोबाइल तलाशने के लिए पुलिस से मदद मांगी गई तो होम गार्ड के जवान सोनू ने उसका मोबाइल ढूंढने के मदद करने के नाम पर 3 हजार रुपए की रिश्वत की डिमांड की। उसने मना किया तो उससे कहा गया कि ऐसे मोबाइल नहीं मिलेगा। इस पर मोहन ने एसीबी को शिकायत कर दी तो एसीबी ने जाल बिछाया।
रविवार शाम को टीम ने बीसवां मौल चौक के पास राई खेलकूद स्कूल के नजदीक कार्रवाई की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने होमगार्ड जवान को मांगी गई 3 हजार रुपये की रकम सौंपी, पहले से तैयार ACB टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
ACB के डीएसपी राहुल देव ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर टीम ने कार्रवाई की और होमगार्ड जवान सोनू को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ ब्यूरो की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में भी चर्चा बनी हुई है।
