हरियाणा की पंचायतों के खातों से 87.48 लाख गायब, अब सभी 6230 पंचायतों के खुलेंगे अलग खाते
Haryana gram panchayat news : हरियाणा में पंचायत राज संस्थाओं के बैंक खातों से संदिग्ध तरीके से पैसे निकाले जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हिसार के बाद अब फतेहाबाद जिला परिषद के बैंक खाते से 87.48 लाख रुपये निकाले जाने का खुलासा हुआ है।
इससे पहले प्रदेश की सात पंचायत राज संस्थाओं के खातों से 74.70 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया था। वहीं, हिसार में भी बैंक खातों के मिलान के दौरान गड़बड़ी मिली है। जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद जिला परिषद के खाते से 10 से 15 नवंबर के बीच 14 बार में 87.48 लाख रुपये निकाले गए।
मामले का खुलासा होने के बाद पंचायत राज विभाग ने सभी जिलों से बैंक खातों की रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों से लेकर जिला परिषदों तक के बैंक खातों का ऑडिट और मिलान करवाया जा रहा है, ताकि संदिग्ध लेनदेन का पता लगाया जा सके।
हिसार में भी खातों के मिलान के दौरान मिली गड़बड़ी
हिसार में भी बैंक खातों का मिलान करते समय गड़बड़ी सामने आई है। खातों से निकाली गई रकम का पता लगाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बैंक सर्वर हैक करने की आशंका भी सामने आ रही है। हालांकि, इस मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पहले सात संस्थाओं से निकाले गए थे 74.70 लाख
इससे पहले प्रदेश की सात पंचायत राज संस्थाओं के बैंक खातों से 74.70 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया था। इनमें जिला परिषद फरीदाबाद, ग्राम पंचायत निगदू (नीलोखेड़ी), मेहड़वाला (फतेहाबाद) और अंबाला, महम, फरीदाबाद व समालखा की पंचायत समितियों के खाते शामिल थे।
4 निर्देश जारी, पैसे निकालने पर लगाई रोक
पंचायत राज संस्थाओं के खातों में गड़बड़ी सामने आने के बाद विभाग ने बैंक खातों की सुरक्षा के लिए चार अहम निर्देश जारी किए हैं।
- खातों के इलेक्ट्रॉनिक लेनदेन का ऑटोमेटेड मिलान होगा। किसी भी अंतर को 24 घंटे के भीतर दूर करना होगा।
- वेंडर्स और भुगतान पाने वालों की प्रमाणित सूची बैंकों को देनी होगी। सूची से बाहर किसी को भुगतान नहीं होगा।
- अनवेरिफाइड प्लेटफॉर्म पर डेटा और एप्लीकेशन नहीं रखे जाएंगे। इन्हें मान्यता प्राप्त क्लाउड पर शिफ्ट किया जाएगा।
- भुगतान तैयार करने और जांच कर मंजूरी देने वाले अधिकारी अलग-अलग होंगे।
- 6,230 पंचायतों के अलग खाते खुलेंगे
महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत प्रदेश की सभी 6,230 ग्राम पंचायतों के अलग बैंक खाते खोले जाएंगे। इन खातों को पंचायतों के मुख्य बैंक खातों से लिंक किया जाएगा।
इन खातों का संचालन संबंधित सरपंच और ग्राम सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से होगा।
पंचायती राज संस्थाओं के खातों से फिलहाल पैसे निकालने पर रोक लगा दी गई है। इसके कारण पंचायतों के काम प्रभावित होने लगे हैं। ठेकेदारों और अन्य देनदारियों का भुगतान भी प्रभावित हो रहा है।
