हिसार, पानीपत, रोहतक समेत हरियाणा के 7 शहरों को मिलेंगी 450 इलेक्ट्रिक बसें, CM ने की घोषणा
New Electric buses : हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रदेश के सात शहरों में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत हरियाणा के लिए कुल 450 इलेक्ट्रिक बसें मंजूर की गई हैं।
इनमें यमुनानगर को 50 बसें मिलेंगी। इसके अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, करनाल, पानीपत और रोहतक को भी इस योजना में शामिल किया गया है। सीएम नायब सिंह सैनी ने रविवार देर शाम जगाधरी में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने यमुनानगर को मिलने वाली 50 इलेक्ट्रिक बसों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहरों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होगी और यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
इन 7 शहरों को मिलेंगी इलेक्ट्रिक बसें
- - यमुनानगर – 50 बसें
- - गुरुग्राम
- - फरीदाबाद
- - हिसार
- - करनाल
- - पानीपत
- - रोहतक
ऑटो-रिक्शा पर निर्भरता होगी कम
सीएम सैनी ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के आने से शहरों में लास्ट माइल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे लोगों को छोटी दूरी के सफर के लिए भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा और ऑटो-रिक्शा पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक बसें धुआं और शोर नहीं करेंगी, जिससे वायु प्रदूषण को कम करने के साथ पेट्रोल और डीजल की बचत भी होगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के बड़े शहरों में स्वच्छ, आधुनिक और आरामदायक परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।
एक साथ 6 बसें हो सकेंगी चार्ज
जगाधरी में बनाया गया इलेक्ट्रिक बस डिपो आधुनिक सुविधाओं से लैस है। करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस डिपो में एक साथ छह इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए छह चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा डिपो में आधुनिक बस वर्कशॉप, वाशिंग स्टेशन और प्रशासनिक भवन भी बनाया गया है।
39 श्रेणियों को मिल रही रियायती यात्रा सुविधा
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा रोडवेज केवल यात्रियों को परिवहन सुविधा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रही है। रोडवेज की ओर से बुजुर्गों, स्वतंत्रता सेनानियों, दिव्यांगों, कैंसर पीड़ितों और विद्यार्थियों सहित कुल 39 श्रेणियों के लोगों को मुफ्त या रियायती किराये पर यात्रा की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
