हरियाणा में CAI इंचार्ज समेत 3 पुलिस कर्मी सस्पेंड, देखें पूरा मामला
Haryana Police employee Suspended : हरियाणा में पुलिस विभाग ने सीआईए-2 इंचार्ज समेत 3 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस कस्टडी में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद हुई है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सस्पेंड हुए कर्मियों में करनाल सीआईए-2 के इंचार्ज प्रवीण कुमार, संदीप और रजिंद्र हैं।
मामला करनाल का है, जहां पुलिस कस्टडी में बीजना गांव निवासी जितेंद्र उर्फ जैकी की संदिग्ध मौत हो गई थी। परिजनों के अनुसार, पुलिस टीम शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे जितेंद्र को पूछताछ के लिए घर से लेकर गई थी। उस समय पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के बाद उसे छोड़ने की बात कही थी, लेकिन कुछ समय बाद परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि हिरासत के दौरान जितेंद्र के साथ मारपीट की गई। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग उठाई है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन, मेडिकल बोर्ड से जांच की मांग
जितेंद्र की मौत के बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों के सामने पक्ष रखा। परिवार का कहना है कि युवक को घर से ले जाने से लेकर उसकी मौत होने तक के पूरे घटनाक्रम की जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए। उन्होंने मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम करवाने और मौत के असली कारणों का पता लगाने की मांग की।
तीन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए-2 इंचार्ज प्रवीण कुमार, संदीप और रजिंद्र को सस्पेंड कर दिया गया है। डीएसपी गोरखपाल राणा ने तीनों पुलिसकर्मियों के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
वहीं, स्थिति को देखते हुए डीएसपी गोरखपाल राणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई। अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि हिरासत में मौत के मामले में इलाका मजिस्ट्रेट की निगरानी में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परिवार के बयान दर्ज किए जाएंगे और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
