logo

बहन का मंगलसूत्र चुराकर फाइनेंस कंपनी में रखा गिरवी, CCTV से पकड़ा गया भाई..

 

वॉयस ऑफ पानीपत ( हिमांशी चावला ) - हिसार में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भाई ने ही अपनी बहन के घर से मंगलसूत्र चोरी कर लिया और उसे फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया। एचएयू पुलिस चौकी ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और मंगलसूत्र गिरवी रखने से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रेम नगर निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि उसका भाई नमन नशे का आदी है।

बहन का मंगलसूत्र चुराकर फाइनेंस कंपनी में रखा गिरवी, CCTV से पकड़ा गया भाई..

वह अपने साथी राहुल के साथ उसके घर आया और किसी बहाने से उसे उसकी मां के घर छोड़ आया। महिला के बाहर जाते ही दोनों आरोपी उसके किराए के मकान पर पहुंचे और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा मंगलसूत्र चोरी कर लिया। जब महिला वापस लौटी तो अलमारी खुली मिली और मंगलसूत्र गायब था। इसके बाद उसने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपी। फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि चोरी किया गया मंगलसूत्र दोनों ने मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी में 50 हजार रुपये में गिरवी रख दिया था।

पुलिस ने आरोपी नमन से 26,600 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया, जबकि राहुल से 5,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और फाइनेंस कंपनी के दस्तावेज मिले हैं। दोनों के पास से कुल 31,600 रुपये नकद, दो मोबाइल और मंगलसूत्र गिरवी रखने की रसीद बरामद हुई है। एसपी सिद्धांत जैन (IPS) ने कहा कि अपराधी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ा गया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मंगलसूत्र वापस लेने की प्रक्रिया जारी है।

TEAM VOICE OF PANIPAT