{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा में आज रात से फिर एक्टिव होगा मानसून, अगले 3 दिन होगी भारी बारिश

 

Haryana Weather Update: हरियाणावासियों को उमसभरी गर्मी से अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर एक नया अपडेट जारी किया है। जिसके चलते आज रात से एक बार फिर मौसम करवट लेगा और अगले तीन दिन प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश होगी।

आज रात से फिर बदलेगा मौसम

प्रदेश में आज 21 अगस्त की रात से एक बार फिर मानसूनी हवाएं सक्रिय होने की संभावना है। इस कारण 21 से 23 अगस्त के बीच झमाझम बारिश हो सकती है।

अगले तीन दिन तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने जारी किया नया अपडेट
मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के अनुसार, प्रदेश में 21 अगस्त की रात से मानसूनी हवाएं एक बार फिर जोर पकड़ने वाली हैं। उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक नया साइक्लोनिक सर्कुलेशन आकार ले रहा है।

इसके अलावा मानसून टर्फ की अक्षय रेखा अमृतसर, नजीबाबाद और फतेहगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इस मौसमी बदलाव से 21 अगस्त की रात से 23 अगस्त के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।

अब तक हुई इतनी बारिश

1 अगस्त से 20 अगस्त तक हरियाणा में सामान्य से 17% कम बारिश हुई है। प्रदेश के 7 जिलों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। लेकिन अब मानसून के फिर सक्रिय होने से अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। वहीं पिछले 24 घंटों की बात करें तो इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश कुरुक्षेत्र में 99.5 मिमी और यमुनानगर में 66.5 मिमी दर्ज की गई।