{"vars":{"id": "141324:5161"}}

एक रिचार्ज और 36 महीने की टेंशन खत्म! Jio के प्लान में डेटा, कॉलिंग और OTT का पैकेज

 

JIO Latest Plan : मोबाइल रिचार्ज के लगातार बढ़ते खर्च और हर महीने रिचार्ज कराने की परेशानी से बचना चाहते हैं तो Reliance Jio का लंबी वैलिडिटी वाला प्लान चर्चा में है। इस प्लान की खासियत यह है कि एक बार रिचार्ज कराने के बाद यूजर्स को पूरे 36 महीने तक सेवाएं मिल सकती हैं।

करीब 10,000 रुपये की कीमत वाले इस प्लान में रोजाना 2.5GB हाई-स्पीड डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और SMS के साथ कई डिजिटल सुविधाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। इस प्लान में ग्राहकों को 3 साल यानी 36 महीने की वैलिडिटी मिलती है।

डेटा की बात करें तो प्रतिदिन 2.5GB हाई-स्पीड इंटरनेट इस्तेमाल करने की सुविधा दी जाती है। इस हिसाब से पूरी वैलिडिटी के दौरान कुल 2,737.5GB डेटा मिलता है। हालांकि, रोजाना मिलने वाला हाई-स्पीड डेटा समाप्त होने के बाद इंटरनेट की स्पीड घटकर 64Kbps रह जाती है। ऐसे में वीडियो देखने, ऑनलाइन काम करने और सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को रोजाना डेटा लिमिट का ध्यान रखना होगा।

कॉलिंग और SMS की भी मिलेगी सुविधा

इंटरनेट के साथ इस प्लान में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग का लाभ भी दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्राहकों को प्रतिदिन 100 SMS भेजने की सुविधा मिलती है। प्लान में True 5G सपोर्ट भी शामिल है। हालांकि, अनलिमिटेड 5G डेटा का लाभ लेने के लिए ग्राहक के पास 5G स्मार्टफोन और संबंधित क्षेत्र में Jio का 5G नेटवर्क उपलब्ध होना जरूरी है। 5G ऑफर की पात्रता और शर्तें भी लागू होंगी।

JioHotstar से लेकर क्लाउड स्टोरेज तक के फायदे

इस रिचार्ज को सिर्फ डेटा और कॉलिंग तक सीमित नहीं रखा गया है। इसमें मनोरंजन और डिजिटल सेवाओं से जुड़े कई अतिरिक्त बेनिफिट्स भी दिए जाने की जानकारी है। प्लान के साथ JioTV और JioAICloud का एक्सेस मिलता है।

JioAICloud पर ग्राहकों को 50GB तक फ्री क्लाउड स्टोरेज की सुविधा भी बताई गई है। इसके अलावा Jio Special Offer के तहत JioHotstar Mobile+ Hollywood सब्सक्रिप्शन शामिल है।डिजाइनिंग में रुचि रखने वाले ग्राहकों के लिए कंपनी की ओर से 12 महीने का Canva Pro Lite सब्सक्रिप्शन भी ऑफर किया जा रहा है।

इसकी बताई गई कीमत 1,590 रुपये है। इससे यूजर्स को डिजाइन तैयार करने के लिए प्रीमियम टूल्स का इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।

तीन साल में कितने रुपये की होगी बचत?

इस प्लान की कीमत को अगर 36 महीनों में बांटकर देखें तो हर महीने का औसत खर्च करीब 278 रुपये बैठता है। वहीं, Jio के 3,599 रुपये वाले सालाना प्लान को लगातार तीन साल तक लेने पर कुल 10,797 रुपये खर्च होंगे। इस तुलना के अनुसार 10,000 रुपये वाले प्लान में तीन साल के दौरान करीब 797 रुपये की बचत हो सकती है। इसके साथ ही हर साल रिचार्ज कराने की जरूरत भी नहीं रहेगी।