दिवाली पर खरीदा नया 5G स्मार्टफोन, फिर भी नहीं चल रहा फास्ट इंटरनेट? अपनाएं ये तरीके
New Smartphon 5 G Speed : दिवाली के मौके पर अगर आपने भी नया 5G स्मार्टफोन खरीदा है और उम्मीद के मुताबिक इंटरनेट स्पीड नहीं मिल रही तो इसकी वजह सिर्फ आपका मोबाइल नहीं है। कई बार नेटवर्क कवरेज, टावर पर बढ़ता ट्रैफिक और फोन की गलत सेटिंग्स भी इंटरनेट की रफ्तार कम कर देती हैं। ऐसे में 5G फोन होने और स्क्रीन पर 5G का साइन दिखाई देने के बावजूद यूजर्स को तेज इंटरनेट का अनुभव नहीं मिल पाता।
देश में Jio और Airtel जैसी टेलीकॉम कंपनियां 5G सेवाओं का विस्तार कर रही हैं। कंपनियां बेहतर इंटरनेट स्पीड और 5G डेटा की सुविधाएं दे रही हैं, लेकिन वास्तविक स्पीड कई तकनीकी परिस्थितियों पर निर्भर करती है। आइए जानते हैं कि नया 5G फोन होने के बावजूद इंटरनेट धीमा चलने की क्या वजहें हो सकती हैं और इन्हें कैसे ठीक किया जा सकता है।
आपके इलाके में 5G नेटवर्क कमजोर होना
5G इंटरनेट की स्पीड काफी हद तक नेटवर्क कवरेज पर निर्भर करती है। यदि आपके आसपास 5G टावर दूर है या सिग्नल कमजोर मिल रहे हैं तो इंटरनेट की रफ्तार प्रभावित हो सकती है। घर के अंदर, बेसमेंट, लिफ्ट या मोटी दीवारों वाले कमरों में भी नेटवर्क सिग्नल कमजोर हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में खिड़की के पास या खुले स्थान पर जाकर इंटरनेट स्पीड चेक करें।
एक ही टावर से जुड़े हैं ज्यादा यूजर्स
कई बार नेटवर्क की समस्या आपके फोन में नहीं, बल्कि उस इलाके के मोबाइल टावर पर होती है। बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाली जगहों पर एक साथ बड़ी संख्या में लोग इंटरनेट इस्तेमाल करते हैं। इससे नेटवर्क पर लोड बढ़ सकता है और डाउनलोडिंग से लेकर वीडियो स्ट्रीमिंग तक की स्पीड प्रभावित हो सकती है। ऐसे में कम भीड़ वाले स्थान पर इंटरनेट चलाकर देखें।
फोन की नेटवर्क सेटिंग में हो सकती है गड़बड़ी
नया स्मार्टफोन खरीदने के बाद कई यूजर्स उसकी नेटवर्क सेटिंग पर ध्यान नहीं देते। यदि फोन में पसंदीदा नेटवर्क मोड 4G पर सेट है तो उपलब्ध होने के बावजूद डिवाइस 5G नेटवर्क का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।
इसके लिए फोन की Settings में जाकर Mobile Network या SIM Settings का विकल्प खोलें। इसके बाद Preferred Network Type में 5G/4G/3G/2G (Auto) विकल्प चुनें। अलग-अलग कंपनियों के फोन में इस सेटिंग का नाम थोड़ा अलग हो सकता है।
फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं होना
स्मार्टफोन में पुराना सॉफ्टवेयर होने के कारण भी कभी-कभी नेटवर्क कनेक्टिविटी से जुड़ी दिक्कतें आ सकती हैं। मोबाइल कंपनियां समय-समय पर सॉफ्टवेयर और नेटवर्क से जुड़े अपडेट जारी करती हैं। इसलिए फोन की Settings में जाकर Software Update चेक करें। यदि कोई नया अपडेट उपलब्ध है तो उसे इंस्टॉल करें। इसके बाद फोन को रीस्टार्ट करके इंटरनेट की स्पीड जांचें।
SIM कार्ड और रिचार्ज प्लान भी करें चेक
कई बार इंटरनेट की धीमी स्पीड की वजह सिम कार्ड या रिचार्ज प्लान भी हो सकता है। यह जरूरी है कि आपके नंबर पर 5G सेवाओं के लिए जरूरी पात्रता और प्लान की शर्तें पूरी हों। इसके अलावा यह भी जांचें कि आपके क्षेत्र में ऑपरेटर की 5G सेवा उपलब्ध है या नहीं। जरूरत पड़ने पर टेलीकॉम कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क करके SIM और नेटवर्क की स्थिति की जानकारी लें।
इन तरीकों से बेहतर हो सकती है इंटरनेट स्पीड
अगर आपका 5G स्मार्टफोन धीमा इंटरनेट चला रहा है तो सबसे पहले फोन को रीस्टार्ट करें। एयरप्लेन मोड को कुछ सेकंड के लिए ऑन करके दोबारा बंद करें। नेटवर्क सेटिंग में 5G Auto विकल्प चुनें और खुले स्थान पर जाकर स्पीड टेस्ट करें।