{"vars":{"id": "141324:5161"}}

करवा चौथ 29 अक्टूबर को, शाम 5:38 से पूजा का शुभ मुहूर्त, देखें कितने बजे निकलेगा चांद

 

Karwa Chauth 2026 : देश भर में करवा चौथ 29 अक्टूबर को मनाई जा रही है। इसे लेकर सुहागन महिलाओं ने करवा चौथ की तैयारी शुरू कर दी हैं और बाजार में खरीददारी के लिए पहुंच रही हैं। बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। करवा चौथ को चांद किस समय निकलेगा और पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है, आइए इसके बारे में आपको बताते हैं। 

करवा चौथ को लेकर बाजारों में कई तरह की रंग-बिरंगी चूड़ियां, आकर्षक कंगन, राजवाड़े और जयपुरी चूड़े उपलब्ध हैं। करवा चौथ की पूजा के लिए सजी हुई थालियां, करवे, छलनी और गढ़वे भी दुकानों पर सजाए गए हैं। करवा चौथ पर चूड़ियों व कंगन का विशेष महत्व होता है। इसलिए दुकानदार भी महिलाओं की पसंद का खास ख्याल रख रहे हैं। 

जैली चूड़ी की काफी मांग है। ये प्लेन चूड़ी होती हैं और दिखने भी आकर्षक हैं। वहीं कंच की जगह बाम्बे मेटल की चूड़ी का चलन बढ़ा है। ये चूड़ियां खास चमक व हल्के वजन के कारण महिलाओं को पसंद आ रही हैं। दीवाली से पहले करवा चौथ पर भी दुकानदारों को अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।

पसंद के हिसाब से फैंसी व प्लेन चूड़ी खरीद रही महिलाएं
बैंक रोड स्थित सालासर चूड़ी भंडार पर बैठी शारदा ने बताया कि करवा चौथ पर्व की खरीद के लिए महिलाएं बाजार में आ रही हैं। अपनी पसंद की चूड़ियां व अन्य सामान लेकर जा रही हैं। अगले दो- तीन बाजार में ज्यादा भीड़ रहेगी। बाजार में चूड़ियों और कंगन की काफी वैरायटी उपलब्ध हैं। महिलाएं अपनी पसंद के हिसाब से फैंसी व प्लेन चूड़ियां खरीद रही हैं।

शाम 5:38 से 6:56 बजे तक रहेगा पूजा का शुभ मुहूर्त
करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। महिलाएं सुबह सरगी ग्रहण करने के बाद व्रत शुरू करेंगी और दिनभर उपवास रखेंगी। शाम को विधि-विधान से करवा माता की पूजा-अर्चना की जाएगी। 

इसके बाद चंद्रमा के दर्शन कर अर्घ्य देने और पति के हाथों जल ग्रहण करने के साथ व्रत खोला जाएगा। करवा चौथ पर पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक रहेगा। वहीं, चंद्रोदय रात लगभग 8:17 बजे होने का अनुमान है। चंद्रमा के दर्शन करने के बाद महिलाएं अर्घ्य अर्पित करेंगी और पति की पूजा कर व्रत का पारण करेंगी।