{"vars":{"id": "141324:5161"}}

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप विजेता मनीषा भनवाला को राष्ट्रपति व CM ने दी बधाई

 

Wrestler Manisha Bhanwala : विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने पर जींद जिले के सिवाहा गांव की खिलाड़ी मनीषा भनवाला को राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री सहित अन्य लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर बधाई दी।  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, मनीषा भनवाला को मेरी हार्दिक बधाई। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने की आपकी शानदार उपलब्धि ने देश को बहुत गर्व और सम्मान दिलाया है। 

वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मनीषा भनवाला ने 59 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में अमेरिकी पहलवान एबिगेल नेट को 8-6 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। मुकाबले में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मनीषा ने खिताब जीत लिया। उन्होंने हरियाणवी लहजै में लिखा कि म्हारी बेटी बनी सै विश्व चैंपियन।

विश्व महिला कुश्ती चैंपियन का खिताब जीतण आली भारत की पहली महिला पहलवान बण कै बेटी मनीषा भनवाला नै पूरे देश और हरियाणा का मान बढ़ाया सै। 59 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल म्ह अमेरिकी पहलवान नै 8-6 तै हराकै विश्व चैंपियन बनने पर मनीषा बेटी नै घणी-घणी बधाई और शुभकामनाएं। 

म्हारी धाकड़ छोरी की इस ऐतिहासिक जीत पै पूरे हरियाणा नै गर्व सै। ऐसे ही मेहनत और हौसले के दम पै देश का तिरंगा विश्व म्ह लहराती रहो। वहीं कुश्ती खिलाड़ी बबीता फोगाट ने इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि मारी छोरियां क्या छोरों से कम हैं। आज फिर एक बार मनीषा ने साबित कर दिखाया कि बेटियां किसी से कम नहीं, बल्कि हर मैदान में देश का नाम रोशन करने का दम रखती हैं।

मनीषा बहन आपने इतिहास रच डाला। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 16 वर्ष बाद भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर पहली भारतीय महिला विश्व कुश्ती चैंपियन बनने पर आपको हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं। आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश की बेटियों के लिए प्रेरणा है।

आपकी मेहनत, संघर्ष और जज्बे को पूरा देश सलाम करता है। देश को आप पर गर्व है। जय हिंद। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास में एक नया अध्याय रचने और ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव हासिल करने पर हरियाणा की बेटी मनीषा भनवाला को हार्दिक बधाई।