45 साल की उम्र में जड़े एक ओवर में 6 छक्के, 4 विकेट झटके, अभिषेक शर्मा जैसी तुफानी पारी
Cricket update : 45 की उम्र लेकिन जज्बा जवान… बल्ला चला तो छक्कों की बरसात और गेंद थामी तो विकेटों की कतार! क्रिकेट के मैदान में उम्र नहीं, जुनून बोलता है और हौसलों के आगे हर चुनौती छोटी पड़ जाती है। ये साबित कर दिखाया है उचाना क्षेत्र के घोघड़ियां गांव के डॉ. रमेश बूरा ने।
कैथल के पाई गांव में चल रही 3 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में घोघड़ियां गांव के डॉ. रमेश बूरा ने अभिषेक शर्मा जैसी तुफानी पारी खेली कि हर कोई उनके खेल का मुरीद हो गया। खेड़ी चौपटा की टीम के खिलाफ डॉ. रमेश ने एक ओवर में 6 छक्के लगाते हुए तूफानी पारी खेली और गेंदबाजी में 4 विकेट झटकते हुए मैन ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया। घोघड़ियां गांव की टीम विजेता रही। टीम ने प्रथम ईनाम 51 हजार रुपए जीता।
बता दें कि 24 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक चली इस टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में 32 टीमें भाग ले रही थी। टीम में नियमानुसार केवल 35 साल से ज्यादा की उम्र के खिलाड़ी ही भाग ले रहे थे। फाइनल मुकाबला घोघड़ियां और खेड़ी चौपटा की टीमों के बीच हुआ, जिसमें घोघड़ियां की टीम ने 113 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खेड़ी चौपटा की टीम 79 रन ही बना पाई और 34 रनों से मुकाबला हार कर दूसरे नंबर पर रही।
प्रतियोगिता के आयोजक डैनी राजा, डॉ. पवन ढुल आदि ने बताया कि विजेता टीम घोघड़ियां के अलावा दूसरे नंबर पर खेड़ी चौपटा और तीसरे नंबर पर संयुक्त रूप से बड़सिकरी और भाणा गांव की टीम रही। मैन ऑफ द सीरिज के रूप में स्कूटी घोघड़ियां की टीम के 45 वर्षीय खिलाड़ी डॉ. रमेश बूरा को मिली। रमेश ने बैटिंग करते हुए 88 रन बनाए, जिनमें एक ही ओवर में 6 छक्के शामिल हैं।
इसके बाद बॉलिंग में 4 विकेट झटके। घोघड़ियां की टीम में शामिल खिलाड़ी मास्टर राजेश, सुखविंद्र, अनूपा, बिंटू, विश्वास उर्फ बिल्लू बूरा, वीरेंद्र वकील, शील्ला, नरेंद्र, कपिंद्र, सन्नी, डॉ. रमेश मेशा, विक्की बूरा ने बताया कि 45 की उम्र में स्कूटी जीतने वाले डॉ. रमेश ने लगातार सात बॉल पर सात छक्के मारने का रिकार्ड बनाया है।