{"vars":{"id": "141324:5161"}}

Haryana Direct Recruitment : हरियाणा के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी 600 सीधी भर्ती

 

हरियाणा के युवाओं के लिए खुशखबरी है। देश की प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर 600 कर्मचारियों की सीधी भर्ती की जाएगी। इसके लिए न तो लिखित परीक्षा का आयोजन होगा। इसमें आईटीआई, डिप्लोमा और ग्रेजुएट युवाओं को सीधी नौकरी पर लगाया जाएगा। हरियाणा सरकार की स्कीम के तहत 9 अक्टूबर को एसएचकेएम राजकीय मेडिकल कॉलेज नल्हड़ नूंह में जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा।

इस जॉब फेयर का आयोजन उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देशानुसार एडीसी ज्योति, नोडल अधिकारी की देखरेख में किया जाएगा। हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

आईटीआई नूंह के प्रिंसिपल सुधीर कुमार ने बताया कि जॉब फेयर का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को विभिन्न औद्योगिक एवं निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़कर उनकी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में जिले के सभी राजकीय एवं निजी आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा अन्य उच्चतर शिक्षा एवं कौशल विकास संस्थानों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि जॉब फेयर में आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं अन्य उच्चतर शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। विभिन्न कंपनियों द्वारा मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, लॉजिस्टिक्स, आईटीआई ट्रेड्स, हेल्थकेयर सहित अन्य क्षेत्रों में युवाओं का उनकी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के आधार पर चयन किया जाएगा।

आईटीआई प्रिंसिपल ने बताया कि जिला स्तरीय जॉब फेयर में कम से कम 600 आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य उच्चतर शिक्षा एवं तकनीकी संस्थानों से उत्तीर्ण युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चयन प्रक्रिया में सफल रहने वाले युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने जिले के युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप अधिक से अधिक संख्या में जॉब फेयर में भाग लें और रोजगार के इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से जुड़ने तथा अपने कौशल के अनुरूप करियर के नए अवसर प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।