खुशखबरी: हिसार शहर से दिल्ली की ओर आवाजाही होगी सुगम, 5 करोड़ से यहां पर बनेगा नया पुल
हिसार शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कैमरी रोड से दिल्ली की ओर आवागमन करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। इस रूट पर ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने के लिए सेक्टर 16-17 के पास बालसमंद नहर पर नए पुल का निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर अनुमानित लागत 4.90 करोड़ रुपए आंकी गई है।
समय और ईंधन की होगी बचत
इस नए पुल के निर्माण से न केवल 2 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी बल्कि आमजन को ट्रैफिक जाम से भी छुटकारा मिलेगा। इससे समय और पैसा दोनों की बचत होगी। लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले सप्ताह इस प्रोजेक्ट का टेंडर अलॉट करने की तैयारी है।
आमजन को मिलेंगे ये फायदे
अब तक लोगों को सेक्टर- 16 व 17 और कैमरी रोड के बीच आवागमन के लिए चक्कर लगाकर दो रेलवे ओवरब्रिज से गुजरना पड़ता है। ऐसे में 25 मीटर लंबा नया पुल बनने से यह दूरी सीधे 2 किलोमीटर घट जाएगी जिससे दिल्ली दिशा में जाने वाले वाहन चालकों के समय में बचत होगी।
मुख्यालय से मिली अनुमति
एजेंसी को वर्क अलॉट करने के लिए मुख्यालय ने अनुमति प्रदान कर दी है। जल्द ही एजेंसी को वर्क अलॉट किया जाएगा। इसके बाद काम शुरू करने के लिए एजेंसी को एक महीने का समय दिया जाएगा। इस पुल के निर्माण से दिल्ली दिशा की ओर आवाजाही करने वाली हजारों की आबादी को सीधी राहत पहुंचेगी। अजित सिंह, एसई, बीएंडआर।